सिराथू। नगर पंचायत सिराथू बोर्ड की शनिवार को हुई बैठक में नगर के विकास के लिए दो करोड़ रुपये की प्रस्तावित 20 परियोजनाओं पर मुहर लगी। साथ ही सर्वसम्मति से नगर पंचायत की सड़क किनारे खाली पड़ी बेशकीमती जमीन को चिह्नित करके उसे कटीले तारों से सुरक्षित करने और सैनी और मंझनपुर मार्ग के किनारे स्थित जमीन पर दुकानों के निर्माण का फैसला लिया गया।
नगर पंचायत सिराथू बोर्ड की शनिवार को चेयरमैन राजेंद्र कुमार उर्फ भोला यादव की अगुवाई में बैठक हुई। इसमें नगर की समस्याओं और विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। बैठक में सभी मोहल्लों में जलनिकासी की समस्या को दूर करने के लिए नाली और सीसी रोड के निर्माण प्रस्ताव पास हुआ। साथ ही तय किया गया कि नगर पंचायत के सैनी और मंझनपुर रोड पर खाली पड़ी जमीन पर दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। इन दुकानोें को जरूरतमंदों को व्यवसाय के लिए आवंटित किया जाएगा।
वहीं राजस्व विभाग से नगर पंचायत की खाली पड़ी जमीनोें को चिह्नित कराकर उसे कंटीले तारों से सुरक्षित करने का भी मसौदा तैयार किया गया। ताकि नगर पंचायत की जमीन पर कब्जा नहीं किया जा सके। चेयरमैन ने बताया कि सदन की बैठक में दो करोड़ रुपये की 20 परियोजनाओं पर मुहर लग गई है। इन परियोजनाओं को शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। बैठक में अधिशासी अधिकारी (ईओ) लालचंद्र मौर्या, जेई राकेश श्रीवास्तव, सभासद सटकू, पंचम लाल, केके यादव, वीरेंद्र पटेल, रेखा देवी, शिमला देवी, सुधा सिंह, शिव कुमार पांडेय, विद्या यादव, राकेश केशरवानी आदि मौजूद रहे।