मंझनपुर। चतुर्थ राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप 2018 में कौशाम्बी के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। इन्होंने 22 स्वर्ण, 10 रजत व 12 कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान दिलाया। प्रतियोगिता कराटे एसोसिएशन आफ इंडिया की ओर से इलाहाबाद के महाप्रभु पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज में छह और सात अक्तूबर को कराई गई थी।
कराटे इवेंट की 13 साल आयु वर्ग में निवेदिता केसरवानी ने कौशाम्बी को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इसके बाद आदित्य केसरवानी, साश्वत शर्मा, युवराज केसरवानी, शीर्ष गुप्ता, नियति केसरवानी, भावना तिवारी, प्रियम, अभिनव, अमृत, रत्ना सिंह समेत 11 अन्य खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं वाणी गुप्ता, देवांक वर्मा, पिंकी जायसवाल सहित कुल आठ खिलाड़ियों को फाइनल में सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। जाह्नवी शर्मा, प्रांजल केसरवानी समेत 10 खिलाड़ियों ने ब्रॉन्ज मेडल झटके। किसी भी कराटे इवेंट में कौशांबी के खिलाड़ियों का अब तक का यह शानदार प्रदर्शन रहा। इससे पहले वर्ष 2017 में कौशांबी ने कुल 22 पदक जीते थे। दो दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। रविवार को समापन एवं सम्मान समारोह में कौशाम्बी के खिलाड़ियों को जापान कराटे डू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी सिहान अनिल पाटिल ने बच्चों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। दोआबा के खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि पर कौशांबी कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र केसरवानी, सचिव अतुल सोनकर, कोच शैलेंद्र कुमार मालवीय एवं आयुष साहू आदि को भी सम्मानित किया गया।