मंझनपुर (ब्यूरो)। सिराथू तहसील क्षेत्र के राला गांव में मुहर्रम का जुलूस अंधेरे में निकला। भाजपा विधायक शीतला प्रसाद पटेल के निर्देश के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा सका। इसे लेकर ताजियादारों ने सोमवार को बिजली विभाग के एसडीओ का घेराव कर ज्ञापन सौंपा।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष व राला गांव निवासी शब्बर रिजवी ने बताया कि 17 सितंबर को गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। विभाग ने 19 सितंबर को दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया। यह ट्रांसफार्मर भी पुराना दिया गया। जिस दिन ट्रांसफार्मर लगा, उसी दिन फुंक गया। शिकायत बिजली विभाग के अलावा सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल से की गई। विधायक ने विभाग को दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी सोमवार तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। इससे नाराज लोगों ने सोमवार को बिजली विभाग के एसडीओ वर्कशाप का घेराव कर विरोध जताया। आरोप है कि ट्रांसफार्मर देने के बारे में अफसर टाल-मटोल कर रहे हैं। एसडीओ रिंकू सेठ का कहना है कि अवर अभियंता को ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।