चायल। कजरी मेले में शराब पीकर उत्पात मचा रहे आईटीबीपी के इंस्पेक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया। इंस्पेक्टर मेले में आए लोगों से अभद्रता कर रहा था। बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिस कर्मियों से भी बदसलूकी की।
चायल कस्बे में मंगलवार को कजरी मेल का आयोजन था। मेले में पिपरी कोतवाली के चलौली गांव निवासी श्रीकांत सिंह पुत्र रामबहादुर भी गया था। श्रीकांत आईटीबीपी (इंडो तिब्बत बार्डर फोर्स) में बतौर इंस्पेक्टर पोस्ट है। उसकी तैनाती इन दिनों हिमांचल प्रांत के कुल्लू मनाली में है। आरोप है श्रीकांत सिंह शराब के नशे में धुत था और वह मेले में शामिल होने आए लोगों के साथ गाली-गलौच व मारपीट कर रहा था। मामले की जानकारी पर पिपरी पुलिस पहुंची तो श्रीकांत बिफर गया। खुद को इंस्पेक्टर होंने का रौब दिखाते हुए उसने पुलिस कर्मियों से बदसलूकी किया। घटना की जानकारी पर पहुंचे पिपरी इंस्पेक्टर रामआसरे सरोज ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को श्रीकांत के खिलाफ धारा 151 की कार्रवाई कर चालान एसडीएम न्यायालय भेजा गया है।