धार्मिक स्थल से हार्न उतरवाने को लेकर तनाव
-गांव पहुंचे सिपाही को कौमी लोगों ने दौड़ाया, आरोपी सिपाही की जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पिपरी के लोधौर गांव स्थित एक धार्मिक स्थल में बंधे हार्न को उतरवाने गए सिपाही से कौमी लोग भिड़ गए। सिपाही अफसरों का निर्देश बताते हुए जबरन हार्न उतरवाने का प्रयास कर रहा था। सिपाही की करतूत से आग बबूला गांव वालों ने घटना की जानकारी पुलिस अफसरों को देते हुए सिपाही को खदेड़ लिया।
पिपरी थाना क्षेत्र के लोधौर गांव स्थित एक धार्मिक स्थल में हार्न लगाया गया है। बताया जा रहा है कि पिपरी थाने का एक सिपाही रविवार दोपहर पहुंचा और अफसरों के आदेश की धौंस जमाते हुए हार्न उतवाने लगा। इसकी जानकारी गांव के लोगों को हुई तो वे मौके पर पहुंचे हार्न उतरवाए जाने का विरोध किया। इस पर सिपाही लोगों से भिड़ने का प्रयास किया। गुस्साए ग्रामीणों ने मामले की शिकायत सीओ और एसओ से करते हुए सिपाही को खदेड़ लिया। ग्रामीणों को उग्र देख सिपाही जान बचाकर भाग निकला। एसओ अर्जन सिंह ने बताया कि सिपाही को नोटिस तामील कराने के लिए भेजा गया था, न कि हार्न उतरवाने के लिए। हार्न बजाने के लिए परमीशन लेने का नोटिस दिया गया था।