19 found Corona positive including two drug dealers
- फोटो : KAUSHAMBI
दो दवा विक्रेताओं समेत 19 मिले कोरोना पॉजिटिव
तीन को होम आइसोलेशन की इजाजत, 16 संक्रमितों को कोविड अस्पतालों में कराया गया भर्ती
जिले में 874 संदिग्धों की हुई जांच, 271 का लिया गया स्वॉब सैंपल
संवाद न्यूज एजेसी
मंझनपुर। दोआबा में महामारी कोरोना वायरस का कहर जारी है। शुक्रवार को भी जिले 19 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। संक्रमितों को कोविड अस्पतालों में भर्ती कराने के साथ ही इनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार को शिविर लगाकर स्वास्थ्य कर्मचारियों ने करीब 874 संदिग्धों की कोरोना जांच की। इसमें तकरीबन 578 का एंटीजन किट और 25 लोगों की ट्रूनेट से जांच की गई। लगभग 271 संदिग्धों का स्वॉब सैंपल लिया गया। इसे जांच के लिए प्रयागराज स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. हिंद प्रकाश मणि ने बताया कि एंटीजन किट की जांच में देवीगंज के दो दवा विक्रेताओं समेत अलग-अलग इलाके के नौ लोग पॉजिटिव निकले हैं। जबकि प्रयागराज स्थित लैब से शुक्रवार को आई 55 जांच रिपोर्ट में म्योहर का एक रोडवेज बस ड्राइवर व नाई समेत अलग-अलग क्षेत्र के दस लोग संक्रमित मिले। संक्रमितों में सर्वाधिक छह लोग चायल के, चार मंझनपुर, कड़ा व कनैली क्षेत्र के तीन-तीन तथा नेवादा,सिराथू और सरसवां क्षेत्र के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। इनमें से तीन को होम आइसोलेशन की इजाजत दे दी गई। जबकि 16 संक्रमितों को इलाज के लिए अलग-अलग कोविड अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक 440 केस मिल चुके हैं। हालांकि इनमें से 333 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि चार मरीजों की अस्पताल में मौत हो चुकी है।