कौशाम्बी में तीन मरे, जहरीली शराब की आशंका
करारी कोतवाली क्षेत्र के अवाना आलमपुर गांव का मामला, दो की हालत गंभीर
परिजनों ने कहा, क्षय रोग और ब्लड प्रेशर की बीमारी से गईं जानें
फोटो नं-
अमर उजाला ब्यूरो
करारी (कौशाम्बी)। क्षेत्र के अवाना आलमपुर गांव में शुक्रवार को 20 घंटे के अंतराल में एक-एक कर किशोर सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौत के पीछे जहरीली शराब की चर्चा रही। हालांकि, प्रशासन के साथ परिजनों ने भी इस बात को सिरे से खारिज कर दिया। घटना को लेकर जिला प्रशासन पूरे दिन हैरान-परेशान रहा।
कौशाम्बी के अवाना आलमपुर गांव का दिलीप उर्फ मग्घू (14) पुत्र रामखेलावन कक्षा नौ का छात्र था। पिता के मुताबिक वह क्षय रोग से पीड़ित था। शुक्रवार सुबह भोर में अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। परिवार वाले किशोर को अस्पताल ले जाने का इंतजाम कर रहे थे। इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। इसी गांव का धीरज यादव (50) पुत्र अयोध्या प्रसाद किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। उसके भाई अशोक ने बताया कि धीरज ब्लड प्रेशर का मरीज था। रात तकरीबन 10 बजे अचानक बीपी हाई होकर 220 के करीब पहुंच गई। प्रयागराज के अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी सांस टूट गई। पेशे से मजदूरी करने वाले गांव के त्रिभुवन उर्फ वीरभवन (35) पुत्र सुरई रैदास की तबीयत भी रात को अचानक बिगड़ी। परिजन लेकर जिला अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गांव का सुखलाल जिला अस्पताल तो खोवालाल प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। सुबह जहरीली शराब से मौत की खबर फैलते ही प्रशासनिक अफसर परेशान हो गए। डीएम मनीष कुमार वर्मा और एसपी प्रदीप गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने त्रिभुवन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अन्य दोनों मृतकों के शव का परिजनों ने बगैर पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार कर दिया है।
----
20 घंटे में तीन की मौत ने खड़े किए सवाल
सोशल मीडिया में जहरीली शराब से मौत की खबर पर हरकत में आई सरकार
डीजीपी ने आननफानन तलब की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। अवाना आलमपुर गांव में करीब 20 घंटे के भीतर हुई तीन मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही दिन में तीनों बीमारों की जान जाने को लेकर कई तरह की बातें कही जा रही हैं। उधर, जहरीली शराब से मौत की खबर पर सरकार भी हरकत में आ गई। डीजीपी ने आननफानन रिपोर्ट तलब की। करारी एसओ ने जवाब में शराब से मौत की बात को निराधार बता दिया।
शनिवार सुबह जहरीली शराब से मौत की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही डीएम-एसपी हरकत में आ गए। दोनों अधिकारी फौरन मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीएन चतुर्वेदी के साथ मौके पर पहुंच गए। इससे पहले करारी एसओ राजेश सिंह भी दल-बल के साथ पहुंच गए। इसी बीच करीब 11 बजे शासन स्तर से फोन आने शुरू हो गए। जवाब देते-देते जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पसीना फेंक दिया। पुलिस महानिदेशक ने आननफानन रिपोर्ट तलब कर ली। करारी एसओ ने मृतकों के परिजनों के बयान तथा इलाज के अभिलेखों को आधार बनाते हुए रिपोर्ट भेजी। अब बात मौतों की करें तो ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा है। लोगों का कहना है कि तीनों बीमारों की जान एक ही रोज क्यों गई? दबी जुबान से लोग मौत का जिम्मेदार जहरीली शराब को ठहरा रहे हैं। हालांकि, मरने वालों के परिजन इसे निराधार बता रहे हैं। लिहाजा, कोई खुलकर कुछ नहीं बोल पा रहा है।
कोटेदार के घर पी थी स्प्रिट
मंझनपुर। जिला अस्पताल में भर्ती सुखलाल ने अपने बयान में कहा कि उसने गांव के ही कोटेदार के घर पर होली का मौका होने के कारण स्प्रिट पी थी। साथ में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती खोवालाल भी था। इसी के बाद दोनों की तबीयत खराब हो गई। हालांकि, वह साफ तौर पर यह नहीं कह सका कि मृतकों ने भी स्प्रिट का सेवन किया था अथवा नहीं। डीएम मनीष कुमार वर्मा का कहना है कि पीड़ित सुखलाल की जांच में एल्कोहल की पुष्टि हुई है। डीएम की मानें तो बीमारी की वजह डॉक्टर फूड प्वाइजनिंग बता रहे हैं।
परिजनों की हालत खराब, ग्रामीणों की आखें नम
मंझनपुर। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों की रो-रोकर हालत खराब है। वहीं, ग्रामीणों की भी आंखें नम हैं। मृतक धीरज की पत्नी की कई साल पहले ही मौत हो चुकी है। उसके दोनों अविवाहित बेटे मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। दो बेटियां ससुराल में हैं। धीरज भी पहले मुंबई में रहता था। परिजनों की मानें तो बीमारी के कारण वह गांव आ गया था। शनिवार सुबह जहरीली शराब से मौत की खबर पर पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया। गमगीन माहौल होने के कारण कई लोगोें के घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
संतुष्ठ थे, इसलिए पीएम नहीं कराया
मंझनपुर। धीरज की मौत शुक्रवार रात हुई। सुबह ही परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। लाश जला दी गई। लिहाजा पीएम कराने का सवाल ही नहीं उठता। परिवार वालों का कहना था कि बीमारी से मौत हुई है। वह संतुष्ठ थे, इसलिए पुलिस को खबर नहीं किया। इसी तरह दिलीप की मौत शुक्रवार सुबह हुई। उसके परिवार वाले भी ऐसी ही बात कह रहे हैं।
इनका कहना है
दो लोगों की मौत बीमारी से हुई है। एक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। जिला अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति का इलाज कराया जा रहा है। डॉक्टर एल्कोहल के साथ फूड प्वाइजनिंग की भी संभावना जाहिर कर रहे हैं।
मनीष कुमार वर्मा-जिलाधिकारी