मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर पंचायत मंझनपुर में कार्यरत रहे आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। डीएम को पत्र देकर नौकरी पर दोबारा रखे जाने और तीन माह का मानदेय दिलाने की मांग की। चेताया कि मांगें पूरी नहीं होने पर बेमियादी आंदोलन किया जाएगा।
मंझनपुर टाउन एरिया में कार्यरत रहे आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारी प्रमोद, जितेंद्र, हरिश्चंद्र, शारदा प्रसाद, अनिल कुमार, नरेश, सुभाष आदि ने बताया कि उन सभी को बिना नोटिस के नगर प्रशासन ने नौकरी से निकाल दिया है। तीन महीने का मानदेय भी नहीं दिया जा रहा है। इसकी वजह से आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। सफाई कर्मियों की मानें तो ईओ अध्यक्ष के पास जाने के लिए कहती हैं और अध्यक्ष कहते हैं कि जब तक ईओ सभी कर्मचारियों का वेतन देने के लिए राजी नहीं होतीं, तब तक किसी को कुछ नहीं मिलेगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने पीड़ितों को जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।