राम के नाम पर रखे गए वार्ड का दलितों ने किया विरोध
विधायक के पिता और बाबा के नाम पर रखे गए वार्ड पर भी आपत्ति
महापुरुषों के नाम पर वार्ड का नामकरण करने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। भरवारी नगर पालिका परिषद के लिए वार्डों का गठन कर लिया गया है। वार्डों का नामकरण भी हो गया है। वार्ड नंबर पांच को रामनगर नाम दिया गया। इसका विरोध दलितों ने शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि यह वार्ड अनुसूचित जाति बाहुल्य है। इसलिए इसका नाम दलित महापुरुषों के नाम पर रखा जाए। इसके अलावा चायल विधायक के पिता व बाबा के नाम पर हुए वार्डाें के नामकरण का विरोध शुरू हो गया है। नामकरण को लेकर सियासत गरम हो चुकी है।
भरवारी नगर पंचायत का सीमा विस्तार कर नगर पालिका परिषद का गठन किया गया है। 29 गांवों को जोड़कर कुल 25 वार्ड बनाए गए हैं। वार्डो का नामकरण भी हो गया है। इस पर आपत्ति मांगी गई है। नामकरण को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है। रसूलपुर गिरिसा के दर्जनों लोगों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि उनके वार्ड में अनुसूचित जाति के अधिकांश लोग हैं। उनके गांव को वार्ड नंबर पांच में डाला गया है। वार्ड का नाम रामनगर रखा गया है। इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि रामनगर नाम बदलकर इसका नामकरण दलित महापुरुषों के नाम पर किया जाए। इसके लिए उन्होंने गौतमबुद्धनगर, कांशीराम नगर, वीरांगना ऊदा देवी नगर, राजा बिजली पासी नगर के अलावा शहीद भगत सिंह नगर नाम रखा जा सकता है। इनके अलावा मूरतगंज पल्हाना रोड निवासी मानसिंह पुत्र रघुवीर प्रसाद ने प्रमुख सचिव नगर विकास को आपत्ति भेजी है। मान सिंह का आरोप है कि चायल विधायक संजय गुप्ता ने अपना प्रभाव दिखाते हुए वार्ड नंबर 14, 17 और 19 का नामकरण अपने पिता व बाबा के नाम पर कराया है। वार्ड नंबर 19 को धर्मराज पटेल के नाम पर रखा गया है। धर्मराज पटेल को आपराधिक छवि का बताया गया है। मांग की गई है कि इनका नाम बदलकर बल्लभ भाई पटेल नगर, वीरांगना दुर्गा भाभी नगर और मां गंगानगर रखा जाए।
-----------------------
वार्डों पर आपत्ति को लेकर गरमाई राजनीति
वार्डों के नामकरण को लेकर अचानक भरवारी क्षेत्र में सियासत गरम हो चुकी है। इस मामले को हवा देकर चायल विधायक को घेरने की कोशिश की गई है। साथ ही भरवारी नगर पालिका गठन की कार्रवाई में टांग अड़ाने की भी कोशिश की गई है। यह मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ने लगा है। इससे अधिकारी भी चौकन्ने हो गए हैं।