कोरोना का संक्रमण अब जिले के कोरोना योद्घाओं पर कहर बरपा रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान मिले 18 नए केस में सरायअकिल सीएचसी के अधीक्षक, सीएमओ दफ्तर के डाटा मैनेजर व कोविड कंट्रोल रूम के कर्मचारी भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी संक्रमितों के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने में जुट गई हैं। अच्छी बात ये रही कि 24 मरीज ठीक भी हुए हैं।
सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि संक्रमण की रोकथाम के लिए बुधवार को भी संयुक्त जिला चिकित्सालय समेत सभी सीएचसी, पीएचसी एवं कंटेनमेंट जोन में शिविर लगाकर 1471 संदिग्धों की कोविड जांच कराई गई। इनमें 902 का एंटीजेन टेस्ट हुआ।
जबकि 502 संदिग्धों का स्वॉब सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए लैब भेजा गया। विभिन्न माध्यमों से आई जांच रिपोर्ट में सीएचसी सरायअकिल के अधीक्षक , सीएमओ दफ्तर में तैनात डाटा मैनेजर, डेटा ऑपरेटर, डाटा सहायक, कोविड कंट्रोल रूम के एक कर्मचारी समेत 18 लोग पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों में मंझनपुर क्षेत्र के पांच, मूरतगंज के तीन, कौशाम्बी, नेवादा के दो-दो तथा चायल और सिराथू क्षेत्र के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।
रिपोर्ट निगेटिव आने से संक्रमण की जद में रहे 24 मरीज ठीक भी हो गए। अब तक मिले 1625 संक्रमितों में 1454 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि, जिले में कोरोना से 23 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 148 मरीजों का इलाज चल रहा है।
सीएचसी सरायअकिल के सात में चार डॉक्टर संक्रमित
सीएचसी सरायअकिल में अधीक्षक डॉ. मो. सईद अहमद समेत सात चिकित्सकों की तैनाती है। हफ्ते भर में सीएचसी प्रभारी सहित चार डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सात में चार डॉक्टरों के संक्रमित होने से स्वास्थ्यकर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। इसका असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है।
सीएमओ दफ्तर की कोविड टीम संक्रमित, तीन दिन में पांच हुए पॉजिटिव
कोविड-19 से जुड़े आंकड़ा, डाटा तैयार करने के लिए सीएमओ दफ्तर में पांच कर्मचारियों की टीम लगाई गई है। तीन दिन पहले टीम के दो कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। कर्मचारियों के संपर्क में रहे लोगों को चिह्नित कर उनकी कोविड जांच कराई जा रही है। बुधवार को साथी कर्मचारियों की भी कोविड जांच हुई। रिपोर्ट आने पर डाटा मैनेजर समेत बाकी बचे तीनों कर्मचारी पॉजिटिव निकले।