मंझनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के नवें दिन भी प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा। शुक्रवार को द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट रसायन विज्ञान की परीक्षा में तो डायरेक्टर माध्यमिक शिक्षा भी कौशाम्बी दौरे पर रहे। करीब आधा दर्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा डीएम-एसपी ने भी कई केंद्रों का निरीक्षण किया। महादेव बाल कल्याण उमावि अंबाई बुजुर्ग में स्ट्रेटिक मजिस्ट्रेट के तौर पर नियुक्त एबीएसए के गैरहाजिर मिलने पर डीएम ने एक दिन के वेतन काटने का निर्देश दिया। चेताया कि नकलविहीन पारदर्शी बोर्ड परीक्षा में लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नकलमंडी के नाम से कुख्यात कौशाम्बी में पारदर्शी परीक्षा कराना हमेशा से प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। पर, इस बार डीएम मनीष कुमार वर्मा की सख्ती के कारण पूरी मशीनरी सक्रिय है। वह खुद एसपी प्रदीप गुप्ता के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। शुक्रवार को डीएम ने द्वितीय पाली में महादेव बाल कल्याण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बाई बुजुर्ग का निरक्षण किया। इस केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात एबीएसए राजेश कुमार गुप्ता गैरहाजिर मिले। कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम ने एक दिन का वेतन काटने का निर्देश बीएसए को दिया। जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरे की टीवी स्क्रीन पर परीक्षा की गतिविधियों की जांच किया। केंद्र व्यवस्थापक को नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए। चेताया कि नकल कराने में संलिप्त मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही विद्यालय को काली सूची में डाल दिया जाएगा।
उन्होंने केन्द्रों पर तैनात अधिकारियों को कड़ी निगरानी में परीक्षा कराने के साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं को अपने सामने शीलबन्द कराने का भी निर्देश दिया। द्वितीय पाली में करीब तीन बजे माध्यमि शिक्षा निदेशक विनय पांडेय भी कौशाम्बी आए। उन्होंने हनुमान इंटर कॉलेज अजुहा, धर्मा देवी इंका केन, जय मां दुर्गे इंका अमिरतापुर, हाजी अब्दुल इंका परास, शहीद चंद्रशेषर इंका गोपाल का पुरवा, नफीस उमावि परास समेत आधा दर्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाला। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिलने पर हिदायत देकर बैरंग लौट गए। डीआईओएस ने बताया कि प्रथाम पाली में हाईस्कूल उर्दू की परीक्षा थी। इसमें पंजीकृत 843 में 63 छात्रों ने तथा द्वितीय पाली इंटर रसायन में 13023 में 1699 समेत 1762 परीक्षार्थियों ने इम्तहान छोड़ दिया।