मंझनपुर। जिले में हाईवे चौड़ीकरण के नाम पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण किसानों का उत्पीड़न कर रहा है। इसी बात को लेकर गुरुवार को अजुहा नगर पंचायत के किसान और व्यापारियों ने एडीएम का घेराव किया। उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपकर समस्या का निस्तारण कराने की मांग किया।
समर्थ किसान पार्टी के मुखिया अजय सोनी की अगुवाई में इकट्ठा हुए किसान और व्यापारियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम मनोज कुमार को ज्ञापन सौंपा। बताया कि हाईवे चौड़ीकरण के नाम पर एनएचआई के अधिकारी आवश्यकता से अधिक जमीन का अधिगृहण कर रहे है।ं जो किसानों के हित में नहीं है। किसानों की मांग है कि पूर्व में फोर लेन निर्माण के दौरान अधिगृहीत की गई किसानों की जमीन के अनुपात में ही वर्तमान बाजार दर के मूल्य पर समुचित मुआवजा मिले।
किसानों का आरोप है कि छह लेन के निर्माण में लगाए गए एनएचआई उनकी बेशकीमती जमीनें, मकान और दुकान सहित मंहगी इमारतों को गिरा रहा है। एनएचआई के अधिकारियों की इस मनमानी से सैकड़ों किसान और व्यापारियों का परिवार बेघर हो जाएगा। किसानों ने इसे एनएचआई की मनमानी बताया है। इस दौरान अमृत लाल केसरवानी, अशोक कुमार अग्रहरि, सतीश कुमार, रमेश प्रसाद, धीरज केसरवानी, सिकंदर लहरी आदि लोग रहे।