अमर शहीदो, आपकी शहादत हम जाया नहीं होने देंगे
पुलवामा हमले के बाद जिले के लोगों का उबला गुस्सा
सोशल मीडिया के जरिए खूब निकाली गई भड़ास
फोटो नं-01 से 10 व 20, 21
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हमले की घटना ने जनपदवासियों को गुस्से से भर दिया। लोगों ने अपने गुस्से का इजहार सोशल मीडिया के जरिए किया। व्हाट्सएप व फेसबुक पर लोग पाकिस्तान और आतंकवाद को खरी-रोटी लिख रहे हैं।
पुलवामा में हुए आतंकी हमले ने जिले के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। सत्ता और विपक्ष सोशल मीडिया पर सभी एक मंच पर खड़े दिखे। इसके अलावा आम आदमी भी अपने गुस्से का गुबार सोशल मीडिया में उतारने से नहीं चूका। कांग्रेसी नेता वेद पांडेय अपने फेसबुक अकाउंट में लिखते हैं कि यह घटना पाकिस्तान की कायरतापूर्ण है। उन्होंने मुख्यालय के चौराहे पर पाकिस्तान व आतंकवाद का पुतला दहन करने के अलावा पुतले को चप्पल से पीटते हुए फोटो भी पोस्ट की। जनसत्ता पार्टी के नेता अश्वनी सिंह अपने अकाउंट में लिखते है कि, साहब आज संसद का विशेष सत्र बुलाओ, धारा 370 खत्म करो और एक देश एक कानून बनाओ। इसके अलावा दूसरी पोस्ट में लिखते हैं, राफेल किस काम आएंगे, घुस कर मारो, हम सब आप के साथ हैं। इसके अलावा उन शदीद फौजियों के फोटो शेयर किए गए जो कुछ दिन पहले ही परिवार के लोगों के साथ मिलकर बार्डर पर गए थे। विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्रीय मंत्री विनय अपनी पोस्ट में लिखते हैं, प्रधानमंत्री जी अब आप एक कदम आगे बढ़ाओ पीछे बजरंगियों का काफिला खड़ा है। बस इंतजार आपकी की इजाजत का है। सारा दिन सोशल मीडिया पर इसी तरह के पोस्ट लोगों के पास आते रहे। इसके अलावा शहादत को नमन करने वालों ने अपनी प्रोफाइल डीपी से खुद की फोटो हटाकर शहीदों को नमन करने वाली डीपी लगा डाली। पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले को लेकर जिले के लोगों का गु्स्सा फूट पड़ा। अधिवक्ता और राजनैतिक संगठनों ने सड़क पर उतर कर विरोध जताया। विभिन्न संगठनों ने पाकिस्तान व आतंकवाद का पुतला दहन किया।
यह आतंकी हमला नहीं सीधे युद्ध का एलान है: विहिप
मंझनपुर (ब्यूरो)। विश्व हिन्दू परिषद व बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने पुलवामा हमले को लेकर शुक्रवार को गुस्से का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय में जुलूस निकाल कर पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी और चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला दहन किया। विहिप के जिलामंत्री नीलमणि त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे खत में कहा कि यह कोई आतंकी हमला नहीं है, बल्कि सीधे युद्ध का ऐलान है। इस हमले का प्रचंड जवाब देना अत्यंत आवश्यक है। पुतला दलन के दौरान शिवपूजन राही, विनय, बजरंग दल के जिला संयोजक विवेक जायसवाल, ज्ञानसिंह मौर्या, सुरेश साहू, राकेश गौतम, रोहित गुप्ता, आशू सिंह, डॉ. संजय सिंह, सुनील केसरवानी, ज्ञानचंद्र आदि लोग मौजूद रहे।
वकीलों ने फूंका पाक प्रधानमंत्री का पुतला
मंझनपुर (ब्यूरो)। माडल डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने पुलवामा हमले का विरोध जताया। संगठन के महामंत्री लक्ष्मीकांत त्रिपाठी की अगुवाई में अधिवक्ताओं ने कचहरी में जुलूस निकाल कर पाक प्रधानमंत्री और आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी की। इसके अलावा मंझनपुर चौराहे पर पहुंच कर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका। इस मौके पर अधिवक्ता केडी द्धिवेदी, रामदत्त द्धिवेदी , गोपाल जी शुक्ला, गोविंद सिंह, तुषार तिवारी, वेद मिश्र, शिवराम भारतीय, राजीव मिश्र, अरविंद शुक्ला, सूर्य प्रताप सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पुलवामा हमले को लेकर गुस्से का इजहार किया गया। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पप्पू मिश्रा की अगुवाई में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मंझनपुर चौराहे पर आतंकवाद का पुतला दहन किया। इस मौके पर वेद प्रकाश पांडेय, बरसाती लाल पंडा, सुरेंद्र कुमार, दीपक कुमार, समीम आलम आदि मौजूद रहे।
आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की जरुरत- मौलाना जमीर
मंझनपुर(ब्यूरो)। शिया जामा मस्जिद करारी के इमामे जुमा मौलाना जमीर हैदर ने जुमा के खुतबा में पुलवामा में फौजी भाइयों पर हुए आतंकी हमले को कायरतापूर्ण बताया। सरकार से आग्रह किया है कि अब वक्त आ गया है कि सारे आतंकी ठिकाने ध्वस्त किए जाए। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र से पाकिस्तान के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास कराया जाए। मौलाना ने तमाम शहीद फौजियों के घरवालों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इन शहीदों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। तकरीर के अंत में मौलाना ने सारे भारतवंशी और राजनैतिक पार्टियों से इस मुश्किल समय में कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आग्रह किया।
सरकारी दफ्तरों में रहा शोक, पसरा रहा सन्नाटा
मंझनपुर (ब्यूरो)। पुलवामा में शहीद हुए आरपीएफ जवानों की शहादत में शुक्रवार को सरकारी दफ्तरों में शोक रहा। विकास भवन में परियोजना निदेशक राकेश मिश्र की मौजूदगी में अफसर और कर्मचारियों ने शोक सभा कर शहीद फौजियों को नमन किया गया। कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और पुलिस ऑफिस में एसपी प्रदीप गुप्ता की अगुवाई में शहीदों को नमन किया गया। करारी कोतवाली में थानाध्यक्ष राजेश सिंह की मौजूदगी में अमर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
आतंकी घटना को लेकर मुस्लिम समाज ने जताया दुख
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पुलवामा आतंकी घटना को लेकर जिले के मस्जिदों में शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद अमर शहीदों को जन्नत और जालिमों के लिए जिल्लत की मौत के लिए अल्लाह पाक से दुआ मांगी गई। देश की सीमाओं की रक्षा में अपनी जान गवांने वाले शहीदों के नमन के लिए चलाई गई मुहिम की समाज के सभी तबके ने सराहना की।
मंझनपुर स्थित जामा मस्जिद के मौलाना मोहम्मद अकबर एहसानी ने शुक्रवार की दोपहर जुमां की नमाज के बाद शहीदों की याद में दुआएं पढ़ी। मौलाना ने कहा, जो शहीद बेगुनाह मारा गया है, अल्लाह उसके परिवार को सब्रे अजीम अता फरमाए। इसके अलावा जिन जालिमों ने बेगुनाहों को मारा है, अल्लाह उन्हे जिल्लत की मौत मारे। मौलाना के यह कहते ही, जमात खड़े सभी लोगों ने आमीन कहकर उनकी बातों को दोहराया। चक नगर स्थित मस्जिद में भी मौलाना याकूब ने मुल्म में अमन और चैन के लिए दुआ मांगी। इसके अलावा बेगुनाह लोग लोगों का कत्ल करने वालों के लिए जिल्लत की मौत मांगी। अमर उजाला ने समाज के हर तबके और जाति-धर्म के लोगों के साथ पुलवामा हमले के बारे में राय शुमारी क ी तो सभी ने कहा, आतंकवाद के खिलाफ हम डटकर लड़ेंगे। देश में फिरकापरस्त ताकतें पनपने नहीं पाएंगी।
हे, भारत के अमर सपूतों, हम तुम्हें भूल न पाएंगे
पुलवामा आतंकी हमले में शहीद परिवार को स्कूलों में दी श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर/करारी। हे, भारत के अमर सपूतो हम तुम्हें भूल न पाएंगे। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद जवानों को स्कूली बच्चों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
करारी संवाददाता के मुताबिक कस्बे के डॉ. रिजवी स्प्रिंगफील्ड स्कूल के छात्र-छात्राओं ने हमले में शहीद जवानों को नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके अलावा हमले में घायल जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। इस मौके पर कर्रार हुसैन, प्रधानाचार्य धर्मेंद्र पांडेय, कनीज सैयदा, गौरव गौड़, शमीम रजा आदि मौजूद रहे। बीएस इंटर कॉलेज सयांरा में भी स्कूली बच्चों ने कैडिल मार्च निकाल कर शहीदों को श्रद्धाजलि दी। म्योहर संवाददाता के मुताबिक गांव के लोगों ने एकजुट होकर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। और जवानों में जोश भरते हुए कहा कि दुश्मन को उसके घर में मार दो। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के डीएलएड और बीटीसी प्रशिक्षुओं ने कैंडल मार्च निकाल कर शहीदों को नमन किया। इस मौके पर सत्येद्र सिंह सीटू की अगुवाई में प्रशिक्षु डायट से मंझनपुर चौराहे तक पहुंचे। चौराहे पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें अनंत प्रताप सिंह, अंकित पटेल, मंजेश, अखिलेश चौधरी, आशू सिंह आदि मौजूद रहे। मूरतगंज संवाददाता के मुताबिक कल्यानपुर बाजार में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया। इस मौके पर पंकज, आकाश, राकेश, संजय, माही, सुनील, अभिषेक, शनि आदि लोग मौजूद रहे। एसपी मौर्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वीर सैनिकों के सम्मान में छात्र-छात्राओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर संदीप मौर्य, महेश कुमार, दीपक सिंह, प्रमोद कुमार, श्यामबाबू, नीरज मौर्या, अनिल दुबे, ज्योति सैनी, फरहाना बीवी, वर्षा साहू आदि मौजूद रही। इसी तरह बीपी पब्लिक स्कूल मंझनपुर में प्रधानाचार्य सुमित मौर्य, एएसबी कान्वेंट एंड पब्लिक स्कूल समदा में प्रबंधक रईश अहमद, विश्वनाथ प्रसाद पीजी कॉलेज में प्रबंधक रामबाबू केसरवानी, एनएस इंटर कॉलेज में शहीदों को नमन किया गया।