चायल। छेड़खानी का आरोप लगाकर युवक को बंधक बनाकर पीटने वाले घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस ने उसकी तलाश में कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। पर, कोई पकड़ा नहीं जा सका। वायरल वीडियो फुटेज से पुलिस अज्ञात अभियुक्तों की शिनाख्त भी कर रही है।
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के बिहका निवासी प्रफुल्ल मिश्र को 19 सितम्बर की सुबह पड़ोसी गांव हैदरगंज के ग्रामीणों ने विद्युत पोल से बांधकर पीटा था। महिलाओं से छेड़खानी करने का आरोप लगाकर उसकी पिटाई की गई थी। मामले में पीड़ित के भाई की तहरीर पर राजेश कुमार निवासी हैदरगंज व दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपी की तलाश में गुरुवार रात उसके घर पर दबिश दी। रिश्तेदारियों को भी खंगाला गया। पर, वह पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस पिटाई का वायरल हुआ वीडियो देखकर अज्ञात अभियुक्तों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक पीटने में सिर्फ दो ही नहीं कई लोग थे। सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, शुक्रवार को पुलिस ने पिटाई से घायल हुए युवक को मेडिकल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। माना जा रहा है कि मेडिकल रिपोर्ट के हिसाब से धाराएं तरमीम भी की जा सकती हैं। अभी अकारण पिटाई किए जाने का केस दर्ज है। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर प्रदीप रॉय का कहना है कि घटना की बारीकी से जांच कराई जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।