मंझनपुर। सड़क हादसों में बुधवार को करीब छह लोग घायल हो गए। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चित्रकूट जिले के रमयापुर निवासी छोटू तिवारी अपने बाबा बाबूलाल के साथ बाइक से उदहिन बुजुर्ग गांव आया था। बुधवार को ये लोग वापस घर लौट रहे थे। उमरा मोड़ के समीप सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बाबा-नाती जख्मी हो गए।
चरवा के सैयद सरावां निवासी ऊदल की बेटी बेबी (10) स्थानीय स्कूल में पढ़ती है। स्कूल से वापस लौटते वक्त उसे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। पश्चिमशरीरा के कमरूपुर गांव निवासी हीरालाल और छितानी किसान हैं। वह लोग मोपेड से बीज लेने करारी जा रहे थे। बाइक ने उन्हें भी टक्कर मार दी। करारी के अमीनपुर संवरो गांव निवासी मोहम्मद फारुक को भी बाइक ने टक्कर मार दिया था। टक्कर मारने वाले बाइक सवार भाग निकले। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।