‘सौभाग्य’ से जागा भाग्य
32 बिजली घरों पर योजना का कैंप लगाकर लोगों को मुफ्त में दिया गया कनेक्शन
तीन कैंपों का जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ, दी कनेक्शन की रसीद, लोग गदगद
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। जिले में ‘सौभाग्य’ योजना के पहले दिन बिजली विभाग ने 32 बिजलीघरों पर कैंप लगाकर मुफ्त में कनेक्शन आवंटित किया। तीन बिजली घरों पर तय कार्यक्रम के मुताबिक पहुंचे माननीयों ने योजना का शुभारंभ किया। कैंप में मुफ्त कनेक्शन मिलने पर बीपीएल व एपीएल उपभोक्ताओं के चेहरे खिले नजर आए।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रदेश भर के गरीबों का घर रोशन करने के लिए ‘सौभाग्य’ योजना का शुभारंभ उन्नाव जिले में किया। इसके साथ ही योजना प्रदेश भर में लागू हो गई। पहले दिन एक्सईएन प्रभाकर पांडेय के निर्देश पर जिले के 32 उपकेंद्रों पर एक साथ नि:शुल्क कनेक्शन दिए जाने के लिए कैंप का आयोजन किया गया। चायल विधायक संजय गुप्ता ने महगांव, मंझनपुर विधायक लाल बहादुर ने पश्चिम शरीरा व सिराथू विधायक शीतला प्रसाद ने कूरा मुरीदन उपकेंद्र पर पहुंचकर सौभाग्य योजना का शुभारंभ किया। तीन उपकेंद्रों पर विभाग के नोडल अफसर मौजूद रहे। सभी 32 बिजली घरों में पहले दिन दो हजार से अधिक गरीबों व गरीबी रेखा से ऊपर जीवन यापन करने वाले लोगों के घरों को मुफ्त में कनेक्शन देकर रोशन किया गया।
इनसेट--
कोतारी पश्चिम में 70 लोगों को मिला कनेक्शन
करारी (ब्यूरो)। गरीबों व एपीएल लोगों के घरों को रोशन करने के लिए शुरू हुई सौभाग्य योजना के तहत कोतारी पश्चिम गांव में विभागीय जिम्मेदारों कैंप लगाया। कैंप में पहुंचे मुख्य अभियंता अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता तारिक जलील ने अपनी मौजूदगी में 70 ग्रामीणों को योजना से लाभान्वित करते हुए मुफ्त में बिजली का कनेक्शन दिया। इसमें 15 लाभार्थी एपीएल व 55 बीपीएल श्रेणी के हैं। मौके पर पहुंचे सदर विधायक लाल बहादुर ने सभी कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का योजना से लाभान्वित किए जाने का प्रमाणपत्र भी वितरित किया। इस मौके पर एसडीओ मंझनपुर धर्मेंद्र सिंह, जेई मंझनपुर आशीष शुक्ल, जेई करारी विनम्र पटेल, मीटर एक्सईएन एसबी ठाकुर, हिमांशु यादव, करन बाबू आदि मौजूद रहे।