बारा। कौशाम्बी विकास खंड में मनरेगा के तहत कराए जाने वाले कार्यों का शनिवार को खंड विकास अधिकारी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने हर तीन श्रमिकों के बीच एक मेठ और पानी पिलाने वाले श्रमिक को रखने का निर्देश दिया।
कौशाम्बी विकास खंड में 57 ग्राम सभाएं हैं। यहां 27 ग्राम सभाओं में एक करोड़ की लागत से तालाबों की खुदाई कराई जा रही है। इसके अलावा 28 ग्राम पंचायतों में पौधरोपण के लिए मनरेगा योजना से गड्ढे खोदे जा रहे हैं। दो ग्राम सभाओं में अस्थाई गोशाला बनाया जाना है। इन्हीं कार्यों का निरीक्षण करने के लिए बीडीओ हरिश्चंद्र सिंह, कार्यक्रम अधिकारी राहुल मिश्र और तकनीकी सहायक संतोष सिंह पहुंचे थे। गुरौली ग्राम सभा में कराए जा रहे कार्य में 113 मजदूर काम पर मिले। इसके अलावा ऐंगवां के परभापर तालाब और सोधिया के महादेवन तलाब का निरीक्षण किया गया। बीडीओ ने प्रधान और सेक्रेटरी को हिदायत किया कि बरसात के पहले हर हाल में काम पूरा हो जाना चाहिए। इसमें किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बरसात के पहले नाली की सफाई कराने का भी निर्देश दिया।