नवजात की मौत पर एंबुलेंस चालक के खिलाफ केस
ड्राइवर की लापरवाही से 14 जून को जिला अस्पताल के सामने हुई थी घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चालक की लापरवाही से नवजात की मौत होने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। मृतक के मामा ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कड़ा कोतवाली क्षेत्र के संभुई निवासी प्रेमचंद्र पुत्र बिंदेश्वरी ने बताया कि उसकी बहन गोविंदपुर गोरियों में ब्याही है। 14 जून की सुबह बहन को प्रसव पीड़ा हुई। इस पर परिजनों ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्रसूता ने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। यह देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित की मानें तो 108 एंबुलेंस का चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। जिला अस्पताल के सामने वह विद्युत पोल से भिड़ गया। जिससे एंबुलेंस का दरवाजा खुल गया और नवजात छिटककर नीचे गिर गया। अस्पताल में नवजात की मौत हो गई। पीड़ित की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने एंबुलेंस के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह का कहना है कि जांच में चालक का नाम सामने आएगा। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
---------------
घर पर फेंके पत्थर, युवती से की छेड़खानी
मंझनपुर (ब्यूरो)। करारी इलाके की एक युवती ने बताया कि गुरुवार शाम पड़ोस का एक युवक उसके घर पर पत्थर फेंक रहा था। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। आरोप है कि घर के भीतर घुसकर आरोपी ने छेड़खानी की। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दिया। कार्रवाई नहीं होने पर शनिवार को एसपी से शिकायत की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने करारी एसओ को आरोपों की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।