मूरतगंज। चायल तहसील क्षेत्र के सिहोरी गांव में शुक्रवार रात संदिग्ध दशा में लगी आग से सात घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। आगजनी की इस घटना में करीब छह लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। तहसील प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों ने मुआवजे की मांग की है।
सिहोरी निवासी महताब आलम पुत्र इसराइल किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। शुक्रवार रात संदिग्ध दशा में उसके घर में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा मकान धू-धूकर जलने लगा। आग ने महताब के भाई इरशाद, इरफान, आफताब व इनके पड़ोसी अब्दुल नादिर, उसके भाई अब्दुल गनी, अब्दुल कादिर आदि के मकान को भी चपेट में ले लिया। अग्निशमन कर्मचारियों ने गांव वालों की मदद से करीब पांच घंटे बाद आग पर काबू पाया। हालांकि इससे पहले ही सातों घरों की गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ितों के पास अब न तो सिर छिपाने की जगह बची है और न ही पेट की आग बुझाने के लिए अन्न का एक दाना है। पीड़ितों ने जिला प्रशासन ने राशन आदि का इंतजाम करने के साथ ही मुआवजे की मांग की है। सुबह एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने जांच की। मामले में उपजिलाधिकारी घनश्याम कुमार का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है। पीड़ितों की हर संभव मदद की जाएगी।