रेलवे ट्रैक पर मिली छायाकार की लाश
- सिराथू रेलवे फाटक के समीप की घटना, कोहराम
फोटो नं-07,08
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू/कड़ा। सिराथू रेलवे फाटक के समीप गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक छायाकार की लाश मिली। उसने खुदकुशी की या हत्या कर शव ठिकाने लगाया गया। फिलहाल यह साफ नहीं है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
कड़ा कोतवाली क्षेत्र के दारानगर गांव का लवकुश सोनकर उर्फ डब्बू (24) पुत्र सुरेश कुमार छायाकार था। बुधवार शाम किसी को कुछ बताए बिना वह घर से गायब हो गया। काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो गए। परिवार वालों ने खोजबीन शुरू कर दी। इसी बीच गुरुवार सुबह पांच बजे के करीब सिराथू रेलवे फाटक के समीप ट्रैक पर उसकी लाश मिली। इसकी जानकारी होते ही पीड़ित परिजन बदहवाश हालत में मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची जीआरपी ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। परिजनों का कहना है कि युवक की दिमागी हालत कम ठीक थी। वह हादसे का शिकार हुआ या खुदकुशी की अथवा हत्या कर शव ठिकाने लगाया गया। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
-----
धोखाधड़ी कर वसीयत करा ली लाखों की भूमि
- नगर कोतवाली इलाके के कादिराबाद गांव का किसान हुआ जालसाजी का शिकार, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके के कादिराबाद गांव में रहने वाले एक किसान की बेशकीमती भूमि धोखाधड़ी कर जालसाजों ने अपने नाम वसीयत करा ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कादिराबाद निवासी रामानंद पुत्र गोपाल किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। उसने बताया कि गांव में ही बेशकीमती भूमि है। इसमें पड़ोसी जालसाजों की काफी दिनों से नीयत खराब थी। पीड़ित की मानें तो करीब महीने भर पहले जालसाजों ने धोखाधड़ी कर अपने नाम भूमि की वसीयत करा लिया। इसकी जानकारी पांच दिन पूर्व तहसील पहुंचने पर पीड़ित को हुई तो उसके होश उड़ गए। उसी रोज उसने मामले की शिकायत एसडीएम सदर से की। फिर पुलिस को तहरीर दिया। दो दिन पहले एसपी को शिकायती पत्र दिया। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी उत्तम प्रसाद, हीरामनि निवासी कादिराबाद व भगवनिया तथा अशोक निवासी रामपुर मड़ूकी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
-----