मंझनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों से प्लास्टिक का कचरा हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। 15 से 30 जून तक चलने वाले इस अभियान में सभी सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ग्राम प्रधान, बीडीसी व वार्ड सदस्य भी इसमें सहयोग देंगे। एडीओ पंचायत व ग्राम पंचायत सचिव हर दिन गांवों में हो रहे सफाई कार्य की निगरानी करेंगे। अभियान पूरा होने के बाद गांवों की रेंडम जांच होगी।
डीपीआरओ गोपालजी ओझा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 30 जून से पहले गांवों को पूरी तरह से स्वच्छ बनाने का निर्देश दिया है। इसके लिए सफाई कर्मियों की टीम बनाकर रोस्टर के हिसाब से ड्यूटी लगा दी गई है। 15 जून से अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। इसके तहत एक न्याय पंचायत क्षेत्र के सभी सफाई कर्मियों की टोली एक-एक गांव में सफाई करेगी। इस दौरान गांव में प्लास्टिक का कचरा बीनने के अलावा कूड़ा और गोबर आदि को भी आबादी से दूर डंपिंग एरिया में एकत्रित कराया जाएगा। इसके लिए सभी ग्राम पंचायत सचिवों को गांव की आबादी से दूर डंपिंग एरिया चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। अभियान के दौरान मुख्य सड़क से लेकर गलियों तक में सफाई का कार्य होना है। डीपीआरओ ने बताया कि इस अभियान में सबसे पहली प्राथमिकता प्लास्टिक कचरा को साफ करने की है। इसकी निगरानी के लिए एडीओ पंचायत व ग्राम पंचायत सचिवों को जिम्मेदारी दी गई है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम प्रधान, बीडीसी व वार्ड सदस्यों को भी सहयोग देने का आह्वान किया गया है।
--------
ब्लाकवार भेजी गई लिस्ट
मंझनपुर। अभियान में लापरवाही न हो इसके लिए ग्राम पंचायतों में सफाई की तारीख तय कर दी गई है। निर्धारित तारीख पर ग्राम पंचायत में कौन-कौन से सफाई कार्य ड्यूटी पर रहेंगे। इसका भी उल्लेख किया गया है। डीपीआरओ कार्यालय से इसकी सूची बनाकर सभी एडीओ पंचायतों को भेज दी गई है। एडीओ पंचायत यह सूची ग्राम पंचायत सचिवों को देकर निर्धारित तिथि पर अपने कार्यक्षेत्र वाले गांव में खुद मौजूद रहकर सफाई का निर्देश देंगे।
-------
रेंडम चेकिंग के बाद कार्रवाई भी होगी
मंझनपुर। डीपीआरओ ने बताया कि सफाई कार्य की रेंडम चेकिंग भी होनी है। इसके लिए एडीओ पंचायत की तरफ से स्वच्छ बताए गए गांवों की टीम से जांच कराई जाएगी। स्वच्छ बताए गए गांव में अगर कूड़ा बिखरा मिला या प्लास्टिक फेंका मिलता है तो संबंधित सफाई कर्मियों के साथ-साथ एडीओ पंचायत व सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------