चायल। मनौरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर दीवार बनाने पर तमाम ग्रामीणों ने स्टेशन मास्टर का घेराव किया। इससे स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरातफरी मची रही।
बताया जाता है कि मनौरी गांव के ग्रामीणों के पैदल और बाइक से निकलने के लिए प्लेटफार्म से ही होकर रास्ता है। ग्रामीण दशकों से इसी रास्ते से महमूदपुर बाजार आते-जाते हैं। शनिवार सुबह लोगों को जानकारी हुई कि गांव के मोड़ पर रेलवे दीवार खड़ी करने का प्रयास कर रहा है। इस पर सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते ही रेलवे कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने स्टेशन मास्टर का घेराव किया। स्टेशन मास्टर (एसएम) मुकेश कुमार ने ग्रामीणों को शांत कराया और बताया कि यह मामला उनके स्तर का नहीं है। इसके लिए डीआरएम प्रयागराज से अनुमति लेनी पड़ेेगी। इस दौरान स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरातफरी मची रही। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें आने-जाने के लिए इसके अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। रास्ता बंद होने पर मरीजों को महमूदपुर स्थित चिकित्सक के पास ले जाने वह अपनी जरूरत का सामान लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।