मूरतगंज। विद्युत उपकेंद्र सैंता से संबद्ध कसिया पूरब गांव का ट्रांसफार्मर शुक्रवार रात धू-धूकर जल गया। चिंगारी से एक छप्पर भी जल गया और अंदर बंधी तीन बकरियाें की भी मौत हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार सुबह उपकेंद्र का घेराव और चक्काजाम कर दिया।
कसिया पूरब गांव की दलित बस्ती में विद्युत आपूर्ति के लिए 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। क्षमता से अधिक लोड के कारण ट्रांसफार्मर महीने में तीन बार फुंक चुका है। पखवाड़े भर पहले क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने चायल के विधायक संजय गुप्ता से ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने की समस्या से अवगत कराया था। उस दौरान विभागीय अफसरों ने विधायक से हफ्तेभर के भीतर 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शुक्रवार रात ओवरलोड ट्रांसफार्मर जल गया। ट्रांसफार्मर की चिंगारी उड़कर कमलेश के छप्पर पर पहुंच गई। देखते ही देखते उसका छप्पर भी फुंक गया। छप्पर के अंदर बंधी तीन बकरियों की मौत के साथ ही गृहस्थी के समान जलकर राख हो गए। आरोप है कि इस दौरान ग्रामीण उपकेंद्र पर फोन लगाते रहे लेकिन घंटी घनघनाने के बावजूद किसी ने कॉल नहीं रिसीव किया। इससे नाराज ग्रामीणों ने शनिवार की सुबह लोक जनशक्ति पार्टी (दलित सेना) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान की अगुवाई में ग्रामीणों ने उपकेंद्र का घेराव किया। ग्रामीणों ने मूरतगंज-भरवारी मार्ग पर चक्काजाम भी किया। इस पर मौके पर पहुंचे कोखराज कोतवाल अनिल कुमार व जेई आकाश सिंह ने ग्रामीणों को समझाकर शांत से कराया।