मंझनपुर। प्रदेश सरकार की कन्या सुमंगला योजना गरीब परिवार की बेटियों की मनोकामना पूरी करेगी। जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के दौरान बेटियों को छह किस्तों में 15 हजार रुपये की मदद दी जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन जमा किए जा रहे हैं। यह धनराशि सीधे बेटियों के खाते में ट्रांसफर होगी। तीन लाख की सालाना आय वालों को इसका लाभ मिलेगा। योजना में एक परिवार की दो बेटियों को ही लाभ मिलेगा। डीएम ने विभागोें को योजना को तेजी से अमल में लाने का निर्देश दिया है।
समाज में प्रचलित कुरीतियों और भेदभाव के चलते अक्सर बेटियां/महिलाएं स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे अधिकारों से वंचित रह जाती हैं। बाल विवाह, कन्याभ्रूण हत्या और असमान लिंगानुपात को खत्म करने और बालिकाओं के प्रति परिवार की नकारात्मक सोच में बदलाव लाने के लिए सरकार ने कन्या सुमंगला योजना लागू की है। इसमें बच्ची के जन्म से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई के लिए सरकार मदद करेगी। योजना से बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्हें आवश्यक टीके लग जाने से कई जानलेवा बीमारियों से भी सुरक्षा होगी। सरकारी फरमान मिलने के बाद डीएम मनीष कुमार वर्मा ने प्रोबेशन, बेसिक, माध्यमिक शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग, परिवार कल्याण आदि विभागों को पत्र जारी कर प्रभावी बनाने का निर्देश दिया है।
-------
जुड़वा बहन होने पर तीन बेटियों को मिलेगा लाभ
मंझनपुर। जुड़वा बहनें होने की स्थिति में तीन बेटियों को भी सुमंगला योजना से लाभान्वित किया जाएगा। इतना ही नहीं यदि किसी ने अनाथ बेटी को गोद लिया है तो उसे भी योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
--------
कब मिलेगी कितनी मदद
0 बालिका के जन्म होने पर 2000 रुपये एकमुश्त
0 बालिका को एक वर्ष तक सभी टीके लग जाने के बाद एक हजार रुपये एकमुश्त
0 कक्षा एक में बालिका के प्रवेश लेने पर दो हजार रुपये एकमुश्त
0 कक्षा नौ में बालिका के प्रवेश के बाद तीन हजार रुपये एकमुश्त
0 ऐसी बालिकाएं जिन्होंने स्नातक अथवा दो वर्षीय या अधिक अवधि के डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश लने पर पांच हजार रुपये एकमुश्त दिया जाएगा।