निर्माण कार्यों में लापरवाही पर भड़के डीएम, अभियंताओं का रोका वेतन
- बैठक से गैर हाजिर इंजीनियरों को नोटिस जारी कर किया जवाब-तलब
-पॉलीथिन के खिलाफ 15 जून तक विशेष अभियान चलाने का दिया निर्देश
फोटो नं-19,20
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के तेवर काफी तल्ख रहे। निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने पर अभियंताओं का वेतन रोकने के साथ ही बैठक से गैरहाजिर इंजीनियरों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया।
डीएम ने नगरीय विकास विभाग की योजना सीएनडीएस के तहत बनाए जा रहे सेल्टर होम व आसरा आवास की प्रगति खराब होने और कार्यदाई संस्था के अभियंता के बैठक से गैरहाजिर रहने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अभियंता का वेतन रोकने और उसके खिलाफ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। पैक्सपेड की तरफ से गोसंरक्षण केंद्र बनाया जा रहा है। इसके निर्माण की प्रगति भी धीमी मिली। डीएम ने पैक्सपेड के अधिशाषी अभियंता के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने का निर्देश दिया। अधिशाषी अभियंता बैठक में भी नहीं आए थे। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की समीक्षा के दौरान पाया गया कि मखऊपुर से भगवतपुर तक बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता खराब है। सड़क पर गड्डे हैं। इस पर विभाग क सहायक अभियंता के खिलाफ काज नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभार्थियों को दूसरी किश्त नहीं जारी करनेे पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। कहा कि जल्द ही दूसरी किश्त जारी कर निर्माण पूरा कराया जाए। पॉलीथिन के खिलाफ 15 जून तक विशेष अभियान चलाए जाने का अफसरों को निर्देश दिया गया। अपशिष्ट प्रबंधन के लिए जमीनों का चयन करने के लिए नगर पंचायतों को निर्देश दिया गया। पेयजल के लिए जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को जून तक हर हाल में हैंडपंपों के रीबोर हो जाने का निर्देश दिया। अधिशाषी अभियंता जल निगम को पानी की टंकियों की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत गांवों में कैंप लगाकर लाभार्थियों का गोल्डेन कार्ड बनाने के लिए निर्देश दिया गया। सीएमओ से कहा कि वह हर हाल में संस्थागत प्रसव का कार्य सुनिश्चित कराएं और आशा को उनका पारीश्रमिक समय से भुगतान कराएं। इसके अलावा पेंशन, राज्य वित्त व चौदहवें वित्त से कराए जाने वाले कार्यो की समीक्षा किया गया। बैठक में सीडीओ इंद्रसेन सिंह के अलावा समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
---
कन्या सुमंगला योजना का लाभ उठाएं लोग
मंझनपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने विकास कार्यो की समीक्षा के दौरान कहा कि लोगों को कन्या सुमंगला योजना का लाभ पाने के लिए जागरुक किया जाए। कहा कि यह योजना कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिए लागू किया गया है। बैठक में मौजूद जिला प्रोबेशन अधिकारी शैलेश राय ने बताया कि कन्या सुमंगला योजना के तहत तीन लाख वार्षिक आय वाले परिवार की दो बच्चियों तक को ही यह लाभ मिल सकेगा। पहली संतना जुड़वा होने के बात दूसरी संतान में बच्ची पैदा होने पर भी लाभ मिल सकेगा।
-----
साफ-सफाई के लिए चलाया जाए अभियान
मंझनपुर। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने गांव और कस्बों की साफ-सफाई कराने पर जोर दिया। कहा कि नालियों की सफाई कराई जाए। जल भराव वाले स्थानों को पहले से ही चिन्हित कर उसे सही कराया जाए।
-----
सदर तहसील में आज समाधान दिवस करेंगे डीएम-एसपी
मंझनपुर। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और एसपी प्रदीप गुप्ता मंगलवार को सदर तहसील दिवस में जनता की शिकायतें सुनेंगे। यह जानकारी जिला सूचनाधिकारी ने दी।