विवाहिता की हत्या मामले में तीन पर रिपोर्ट दर्ज
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के हाशिमपुर किनार गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल। क्षेत्र के हाशिमपुर किनार गांव में ब्याही एक महिला को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने पीट-पीटकर मार डाला था। इसके बाद लाश गायब कर दी गई थी। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के कोटिया निवासी श्यामलाल ने बताया कि उसने बेटी सुनीता का विवाह करीब 13 साल पहले हाशिमपुर किनार में किया था। शादी के बाद काफी दिनों तक तो सबकुछ ठीक चला। इसके बाद ससुराली दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। प्रताड़ना की जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। सभी ने ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। पीड़ित की मानें तो महीने भर पहले दहजलोभियों ने पीट-पीटकर उसकी बेटी को मार डाला। फिर लाश भी गायब कर दी। बताया कि बेटी के बारे में पूछने पर ससुराल वाले गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। बेटी की हत्या की जानकारी पड़ोसियों से मिली है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को आरोपी पति वसीर, जेठ फकीरे व सास आदि के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
-----
सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश में एफआईआर दर्ज
सरायअकिल (ब्यूरो)। इलाके की एक महिला ने बताया कि 13 मार्च 2019 को पड़ोसी गांव का युवक अपने साथी के साथ उसके घर आया था। पीड़िता के मुताबिक दोनों ने उसके साथ दुराचार का प्रयास किया। विरोध करने पर पिटाई भी की। घटना की शिकायत तभी स्थानीय पुलिस से की गई थी। पर पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान पीड़ित महिला ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी। शनिवार को अदालत के निर्देश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।