कोखराज। कौशाम्बी जिले की एकमात्र नगर पालिका भरवारी में भी शौचालय बदहाल मिले। शासन से आई टीम ने शौचालय की हालत देख कर नाराजगी जाहिर की है। टीम ने अधिशाषी अधिकारी(ईओ) को इसके लिए फटकार लगाई है।
भरवारी को नगर पालिका बनाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में शौचालय बनवाए जा रहे हैं। इसे लेकर जिले में भी अभियान चलाकर शौचालय बनवाए गए। प्रशासन ने जिले को ओडीएफ भी घोषित कर दिया। इसके बाद भी जिले में शौचालय का हाल बेहाल है। बुधवार को भरवारी नगर पालिका परिषद में आए स्वच्छ भारत मिशन के सहायक निदेशक उपेंद्र तिवारी ने भरवारी का निरीक्षण किया। सहायक निदेशक ने तीन शौचालय देखे जो बदहाल मिले। इसके अलावा स्वच्छता को लेकर तमाम तरह की खामियां थी। इस पर उपेंद्र तिवारी ने अधिशाषी अधिकारी गिरीश चंद्र को फटकार लगाई।