मंझनपुर। पहले कुदरत और अब प्रशासन के कहर से एक परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। मामला डीएम के संज्ञान में आने पर मौके पर पहुंचे बीडीओ कड़ा ने झोपड़ी गिरवाकर शौचालय को खाली करा दिया।
कड़ा विकास खंड के गिरधरपुर गढ़ी निवासी लल्लू प्रसाद खेती करके परिवार का खर्च चलाता है। बरसात में लल्लू का कच्चा घर गिर गया था। लल्लू ने प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन किया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मजबूरी में लल्लू ने वर्ष 2012-13 में मिले शौचालय में अपनी गृहस्थी का सामान रख दिया और बाहर मडहा बनाकर रहने लगा। शिकायत डीएम तक पहुंची। शौचालय में जिंदगी गुजारने की खबर को डीएम ने संज्ञान में लेकर नाराजगी जाहिर की। जिलाधिकारी के निर्देश बाद बुधवार को बीडीओ कड़ा राकेश धुरिया गांव पहुंचे और उन्होंने शौचालय खाली कराया। जिलाधिकारी ने एसडीएम सिराथू ज्योति मौर्या को निर्देश दिया कि प्रधान और सेक्रेटरी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाए।
अगर दोनों जिम्मेदारों को जानकारी थी कि शौचालय का इस्तेमाल आवास के रूप में हो रहा था तो, दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं एसडीएम सिराथू ज्योति मौर्या का कहना है कि लल्लू प्रसाद के मामले की जांच का निर्देश मिला है। लल्लू अगर आवास की पात्रता श्रेणी में आता है तो उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। इसके अलावा पात्रता के बाद भी अब तक आवास क्यों नहीं मिला। इसकी भी जांच की जा रही है।