कनैली/बारा/म्योहर। सदर तहसील के कनैली, सचवारा और जोगापुर के ग्रामीणों के लिए बारिश बवाल-ए-जान बन गई है। तालाब और नाला-नालियों पर अवैध कब्जा होने से बारिश में गांव की दलित बस्ती टापू बन गई है। चारों तरफ बस पानी ही पानी दिख रहा है। जलभराव से लोग रतजगा करने को मजबूर हैं।
कनैली गांव में डेढ़ सौ घरों की दलित बस्ती में करीब आठ सौ की आबादी रहती है। गांव के श्री नाथ, राहुल, गुड्डू, शिवराता देवी आदि ने बताया कि बस्ती के जलनिकासी के लिए डेढ़ बीघा का तालाब और नाला दबंगों ने पाटकर अवैध कब्जा कर लिया है। इसके चलते जलनिकासी अवरुद्ध हो गई है। तीन दिन से हो रही जोरदार बारिश के कारण पूरी बस्ती जलमगभन हो गई है।
कहीं से कोई आवागमन का रास्ता नहीं है। बारिश का पानी घरों में घुस गया है। जीव-जंतुओं का खतरा बना होने के कारण बस्ती वाले रात जागकर गुजार रहे हैं। ग्राम प्रधान कमला देवी ने बताया कि तालाब पर अतिक्रमण की शिकायत डीएम से लेकर सीएम तक से की जा चुकी है। पर, समस्या का निस्तारण नहीं हो सका। इसी तरह जोगारपुर गांव में भी चारों तरफ जलभराव हो गया है। यहां की महिलाओं ने हफ्ते भर पहले ही गांव से गुजर रहे डीएम का काफिला रोक कर जलनिकासी की शिकायत की थी।
डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर भी वक्त रहते जलनिकासी का इंतजाम नहीं किए जाने से शुक्रवार को स्थिति बिगड़ गई। ग्रामीणों की सूचना पर सेक्रेटरी सत्य प्रकाश पंाडेय ने कुछ सफाई कर्मियों की टीम लगाकर पानी कटवाया। हालांकि शाम तक समस्या बनी रही। यहीं हाल सचवारां का भी है। यहां की दलित बस्ती में घरों के भीतर बारिश का पानी घुस गया है। जलभराव के कारण बस्ती के लोग नारकीय जीवन गुजारने को मजबूर हो रहे हैं।