नोडल अफसर ने किया विकास भवन का निरीक्षण
फाइलों का रखरखाव ठीक ढंग से किए जाने पर जताया संतोष
मॉडल स्कूल ओसा के बाउंड्रीवाल चिन्हांकन का दिया निर्देश
फोटो-
मंझनपुर (ब्यूरो)। जिले के नोडल अफसर आयुक्त व निदेशक हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग कानपुर रमारमण मंगलवार को जिले में रहे। उन्होंने विकास भवन स्थित आधा दर्जन कार्यालयों व ओसा स्थित मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में साफ-सफाई, फाइलों का रखरखाव सुव्यवस्थित देख उन्होंने संतोष जाहिर किया। मॉडल स्कूल ओसा में बाउंड्रीवाल का चिन्हांकन कराने का निर्देश दिया।
नोडल अफसर रमारमण के दो दिवसीय भ्रमण की तारीख पूर्व निर्धारित होने से जिले के विभागाध्यक्षों में हड़कंप था। अफसरों ने विकास भवन के निरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित होने के बाद विभागाध्यक्ष अपने-अपने कार्यालयों की साज सज्जा, धूल फांक रही फाइलों को साफ सुथरा करने व योजनाओं की प्रगति समीक्षा तैयारी करने में ताकत झोंक रखी थी। मंगलवार को जिले में आए नोडल अफसर शाम पांच बजे विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय, परियोजना निदेशक कार्यालय, जिला विकास अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित आधा दर्जन कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकास भवन परिसर में साफ-सफाई ठीक मिलने व कार्यालयों के विभिन्न पटलों के दस्तावेज सुव्यवस्थित रखे होने पर संतोष जाहिर किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीपीआरओ से शौचालय निर्माण की बाबत पूछताछ भी की। इससे पहले नोडल अफसर ने ओसा स्थित मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बाउंड्रीवाल के चिन्हांकन कराने का निर्देश डीएम मनीष कुमार वर्मा को दिया। निरीक्षण का पहला दिन सकुशल बीतने पर अफसरों ने राहत की सांस ली है।