बीडीओ, एडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि, हड़कंप
-फरीदपुर सलेम गांव में सात अपात्रों को पीएम आवास देने पर सेक्रेटरी व लेखाकार की रोकी वेतनवृद्धि
-सीडीओ की जांच में हुआ खुलासा, लाभार्थियों से रिकवरी का आदेश
मंझनपुर (ब्यूरो)। चायल ब्लॉक के फरीदपुर सलेम गांव में सात अपात्रों को पीएम आवास का लाभ पहुंचाया गया। इसका खुलासा गुरुवार को सीडीओ हीरालाल की जांच में हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने तत्कालीन बीडीओ और एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए सेक्रेटरी तथा लेखाकार की स्थानीय वेतनवृद्धि रोकते हुए लाभार्थियों से रिकवरी का आदेश जारी किया है।
फरीदपुर सलेम के ग्रामीणों ने सीडीओ हीरालाल से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि वर्ष 2016-17 में पीएम आवास आवंटन के दौरान प्रधान व सेक्रेटरी ने अपात्रों को लाभान्वित किया है। शपथपत्र पर मिले शिकायती पत्र की जांच सीडीओ ने गुरुवार को स्वयं गांव पहुंचकर की। इस दौरान उन्होंने पाया कि सात लाभार्थी ऐसे हैं जो पीएम आवास के लिए पूरी तरह से अपात्र हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने तत्कालीन बीडीओ दुर्योधन प्रसाद, एडीओ पंचायत विश्वबंधु को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी। इनके अलावा सेक्रेटरी कुलदीप नारायण मिश्र, लेखाकार मुकुंद कृष्ण लाल की स्थाई वेतनवृद्धि रोक दी। बीडीओ चायल को निर्देशित किया कि वह लाभार्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए पीएम आवास के रकम की रिकवरी कराएं। सीडीओ की कार्रवाई के बाद से संबंधित आरोपियों में हड़कंप है।
मोहीउद्दीनपुर गौस के जंगल में लगी आग
चायल (ब्यूरो)। पूरामुफ्ती के गौसपुर गांव के जंगल में बृहस्पतिवार दोपहर अचानक आग लग गई। धूं-धूं कर जल रहे खर-पतवार की लपटें देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। हालांकि घंटे भर बाद आग अपने-आप ठंडी पड़ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।