मंझनपुर। उमरावां बालू घाट के ठेकेदार से दबंग ने रंगदारी मांगी। कहा मांग पूरी करोगे तभी बालू का खनन कर पाओगे, वरना अंजाम ठीक नहीं होगा। दबंग की धमकी से सहमा ठेकेदार बृहस्पतिवार को घटना की जानकारी अफसरों को देते हुए महेवाघाट थाने पहुंचा। ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
राजस्थान के रामपुर गांव का मनीराम बालू ठेकेदार है। महेवाघाट के उमरावां बालू घाट का उसने ठेका ले रखा है। बुधवार की रात शाहपुर गांव का छोटा माली आधा दर्जन साथियों के साथ घाट पर पहुंचा और मनीराम ने रंगदारी मांगी। कहा रंगदारी दोगे तभी बालू घाट चलेगा वरना बालू का खनन नहीं कर पाओगे। रंगबाज की धमकी से सहमे ठेकेदार ने घटना की जानकारी अन्य साथियों के साथ अफसरों को दी। बृहस्पतिवार को मनीराम की तहरीर पर महेवाघाट पुलिस ने आरोपी छोटा माली समेत उसके गुर्गों के खिलाफ रंगदारी मांगने पर जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर लिया है। महेवाघाट इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। एफआईआर दर्ज करने के बाद छोटा माली की तलाश में दबिश भी दी पर वह नहीं मिला।
-----------------
यमुना की तराई में सक्रिय है रंगबाजों का गिरोह
मंझनपुर(ब्यूरो)। कौशाम्बी के यमुना घाटों पर बालू निकासी का ठेका हरियाणा व राजस्थान के लोग के पास है। वर्चस्व दिखाने के लिए ठेका होते ही स्थानीय बालू माफिया सक्रिय हो जाते है। इसके पीछे मंशा रहती है कि किसी भी तरह से बालू के ठेकेदारों से रुपया हासिल किया जाए।
-------------------
बालू मिले या फिर रुपया
मंझनपुर(ब्यूरो)। बालू का ठेका नहीं मिलने से कौशाम्बी के बालू माफिया बौखलाए हुए है। घाट बंद होने के कगार पर है। इसके बाद भी ठेकेदारों से रंगदारी मांगी जा रही है। उन्हें रुपया मिले या फिर रोजाना दो-चार ट्रक बालू दिया जाए।
बालू ठेकेदार से रंगदारी मांगना पड़ा महंगा
ठेकेदार की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो