मंझनपुर। लाठपुर गांव के समीप झाड़ी में मिले महिला व बच्चे के शव की शिनाख्त बुधवार को भी नहीं हो सकी। पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक ईंट भट्ठों पर जाकर किसी महिला और बच्चे के गुम होने के बारे में लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी। वहीं शिनाख्त नहीं होने से हत्याकांड की जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के साठपुर गांव में मंगलवार सुबह झाड़ियों के बीच करीब 28 वर्षीय एक महिला का तेजाब से जला शव मिला था। कुछ ही दूरी पर एक मासूम बच्चे की भी लाश मिली थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मृतकों की शिनाख्त बुधवार को 24 घंटे बाद भी नहीं हो सकी। शिनाख्त के लिए कोखराज इंस्पेक्टर ने जिले के सभी थानों के साथ-साथ पड़ोसी जनपद प्रयागराज, फतेहपुर और चित्रकूट की पुलिस से भी गुमशुदगी की जानकारी ली है। कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली। हत्यारे ऐसा कोई निशान भी नहीं छोड़ गए हैं, जिससे उन तक पहुंचा जा सके। पुलिस को पूरा भरोसा है कि शवों को कहीं बाहर से लाकर फेंका गया है। महिला तथा मृतक बच्चा जिले के रहने वाले भी नहीं हैं। मृतकों के भट्ठा मजदूर होने की आशंका में बुधवार को कोखराज पुलिस ने आसपास के आधा दर्जन से अधिक ईंट भट्ठों पर जाकर पूछताछ की। लेकिन किसी तरह का कोई सुराग हाथ नहीं आया। मामले में कोखराज इंस्पेक्टर राकेश सरोज का कहना है कि शिनाख्त से पहले कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा।