विद्या ज्ञान प्रवेश परीक्षा रविवार को ओसा स्थित दुर्गा देवी इंटर कालेज में आयोजित हुई। दो पाली की प्रवेश परीक्षा में पचास फीसदी से अधिक परीक्षार्थी शामिल नहीं हुए। प्रवेश परीक्षा सकुशल संपन्न होने पर केंद्र व्यवस्थापक ने राहत की सांस ली।
जिले भर के प्राथमिक स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के विद्या ज्ञान स्कूल में प्रवेश के लिए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा का आयोजन कराया गया। प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए आठों ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों से 851 छात्राएं व 881 छात्रों ने पंजीयन कराया था। पहली पाली में छात्राओं की परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत छात्राओं में महज 341 ही उपस्थित रहीं। 510 छात्राओं ने परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया। द्वितीय पाली की परीक्षा में महज 418 छात्र उपस्थित हुए और 463 परीक्षार्थियों ने हिस्सा नहीं लिया। विद्या ज्ञान प्रवेश परीक्षा सकुशल संपन्न होने पर केंद्र व्यवस्थापक व बीएसए ने राहत की सांस ली।