अजुहा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रस्तावित सिक्स लेन के लिए अधिग्रहीत भूमि की पैमाइश में हेराफेरी व मनमाने मुआवजे से किसानों की नींद उड़ गई है। जिला प्रशासन से लेकर राज्यपाल तक को ज्ञापन दे चुके किसानों को कहीं से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। इससे परेशान किसानों ने रविवार को सांसद कौशाम्बी से उनके आवास पर 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेताया कि मांगें नहीं मानी गईं तो वे लोग आरपार की लड़ाई लड़ेंगे।
कौशाम्बी जिले में कनवार से कोखराज के बीच करीब 32 किमी नेशनल हाईवे को फोर से सिक्स लेन बनाने की तैयारी है। इसके लिए राष्ट्र्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से हाईवे किनारे बसे किसानों के घर-खेतों का अधिग्रहण किया जा रहा है। आरोप है कि अध्रिहीत भूमि की पैमाइश व मुआवजे की धनराशि में एनएचआई के अधिकारी-कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। इसे लेकर किसान एनएचएआई व जिला प्रशासन के अफसरों से मिलकर आपत्ति जाहिर कर चुके हैं। जिले के दौरे पर आए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के साथ ही आठ किमी की पद यात्रा भी किया, लेकिन कहीं से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। इससे किसानों की नींद उड़ी हुई है। परेशान किसानों ने रविवार को ब्लॉक प्रमुख अनुज यादव और जिला पंचायत सदस्य आशीष मौर्या की अगुवाई में इलाहाबाद स्थित आवास पहुंचकर सांसद से मुलाकात किया।
निर्धारित सर्किल रेट से भवन स्वामियों की अर्जित भूमि के प्रतिफल का मूल्यांकन व सही पैमाइश कराने समेत 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। चेताया कि सही पैमाइश व उचित मुआवजा नहीं मिलने पर किसान किसी भी सूरत में हाईवे का निर्माण नहीं होने देंगे। साथ ही इसे लेकर किसानों के साथ कोई हादसा हुआ तो उसका जिमेदार शासन, प्रशासन व एनएचएआई होगा। इस मौके पर दिलीप सिंह यादव, महेंद्र शुक्ला, कंचन सिंह, सुरेश सिंह यादव, अजय मौर्या, अमृत लाल पाल, राजेन्द्र प्रसाद, अनीस अहमद, निसार अहमद, घनश्याम सिंह, सिकन्दर, दिलीप, रामरूप, नरेश सिंह सहित तमाम किसान मौजूद रहे ।