मंझनपुर। युवती की फोटो अश्लील गाने के साथ वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड करने वाले दोनों युवक शनिवार को जेल भेज दिए गए। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
मंझनपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बताया कि पड़ोसी दरोगा पुत्र राममोहन व ललित कुमार प्रजापति पुत्र लवकुश ने उसकी बेटी की फोटो सोशल साइट के जरिये हासिल कर ली। इसके बाद मिक्सिंग कर अश्लील गाने के साथ फोटो का वीडियो बना लिया। इसे फेसबुक पर अपलोड कर दिया। वीडियो पर नजर पड़ते ही युवती और उसके परिवार वालों के होश उड़ गए। पीड़ित लड़की के पिता ने आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोपों को गंभीरता से लेते हुए दबिश देकर दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। देर शाम रिपोर्ट दर्ज करने के बाद शनिवार सुबह जेल भेज दिया गया। बताया जाता है कि इन युवकों के मोबाइल में कई लड़कियों की फोटो पुलिस को मिली है। हालांकि किसी दूसरी लड़की की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई।