अफसरों की फटकार पर लगा दिया फुंका ट्रांसफार्मर
-पांच दिन बाद भी कस्बे के चार वार्डों को नहीं मिली बिजली
-उपभोक्ताओं ने एसडीओ मनौरी से की ठेकेदार की शिकायत
खबर का असर
चायल (ब्यूरो)। कस्बे के अशोक नगर वार्ड के फुंके ट्रांसफार्मर को ठेकेदार ने अफसरों की फटकार पर रविवार दोपहर बदला। हड़बड़ी इतनी कि उसने फुंके के स्थान पर दूसरा फुंका ट्रांसफार्मर लगा दिया। पांचवें दिन भी बिजली नहीं मिली तो उपभोक्ताओं ने मामले की शिकायत एसडीओ मनौरी से की है।
नगर पंचायत के अशोक नगर मोहल्ले में ढाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इस ट्रांसफार्मर से अशोकनगर सहित गांधीनगर, आजाद नगर व कृष्णानगर के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति दी जाती है। बृहस्पतिवार रात आठ बजे यह ट्रांसफार्मर अचानक फुंक गया। ट्रांसफार्मर फुंकते ही चारों वार्ड अंधेरे में डूब गए। बिजली आपूर्ति ठप होने से वार्ड के लोगों को जहां अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है वहीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित है। इस खबर को ‘अमर उजाला’ ने रविवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर को संज्ञान में लेकर एक्सईएन प्रभाकर पांडेय ने ठेकेदार संजय तिवारी को जमकर फटकार लगाई। अफसर की फटकार पर ठेकेदार ने हड़बड़ी में फुंके ट्रांसफार्मर की जगह दूसरा ऐसा ही ट्रांसफार्मर लगा दिया। ट्रांसफार्मर लगते देख वार्ड के लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन आपूर्ति मिलते ही ट्रांसफार्मर ने फ्यूज तोड़ दिया। चेकिंग के दौरान पता चला कि बदला गया ट्रांसफार्मर पहले से ही फुंका है। इस पर मोहल्ले के उपभोक्ताओं ने सोमवार को एसडीओ इंद्रभान से शिकायत की है। बहरहाल पांच दिन से बिजली न मिलने पर चार वार्ड के उपभोक्ताओं का हाल बेहाल है।
ईओ के साथ ही बीमार हुआ नगर पंचायत चायल
-गंदगी से बजबजाई नालियां व गलियां, जलापूर्ति भी प्रभावित
चायल (ब्यूरो)। स्थानीय नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी के साथ कस्बा भी बीमार हो गया है। ईओ के न रहने पर सफाई कर्मी मनमानी करते हुए सफाई नहीं करते तो जलापूर्ति भी समय पर नहीं हो रही है। कस्बाइयों ने मामले की शिकायत सोमवार को एसडीएम चायल से की है।
नगर पंचायत चायल में ईओ अंजू यादव की तैनाती है। लगभग एक माह से वह बीमारी के चलते अवकाश पर हैं। उन्होंने इस दौरान अपना चार्ज किसी को नहीं दिया। इसके चलते कस्बे के सफाई कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। कस्बे की गलियों व नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से चारों ओर गंदगी फैल गई है। लोगों को आम रास्ते से मुंह दबाकर आना-जाना पड़ रहा है। इसके अलावा जलापूर्ति भी नियमित तरीके से नहीं हो रही है। नतीजतन लोगों को पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। सोमवार को कस्बे के अनूप सिंह, सुरेश चंद्र, कामता प्रसाद, रईश अहमद आदि ने मामले की शिकायत एसडीएम अश्वनी कुमार श्रीवास्तव से की। कस्बाइयों ने मांग की है कि नगर पंचायत का चार्ज किसी अन्य ईओ को दिलाते हुए चरमराई सफाई व जलापूर्ति व्यवस्था को बहाल कराया जाए। एसडीएम ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।