जिला अस्पताल में बिजली ने ली नवजात की जान
शुक्रवार देर रात बिजली कटने के बाद एसएनसीयू वार्ड में मासूम ने तोड़ा दम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर (कौशाम्बी)।
जिला अस्पताल में लगातार कट रही बिजली से प्रभावित हुई इमरजेंसी सेवा ने आखिरकार एक नवजात की जान ले ली। शुक्रवार शाम एक महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। दोनों का वजन कम था। इसलिए उनको एसएनसीयू वार्ड में भर्ती किया गया था। मगर रात करीब 11 बजे एक नवजात ने दम तोड़ दिया दूसरे की भी हालत गंभीर थी। उसे रात लगभग दो बजे इलाहाबाद के चिल्ड्रेन अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शनिवार देर रात उसकी भी मौत हो गई। अमर उजाला के लगातार चेताने के बाद भी जिला अस्पताल के अफसर नहीं चेते। परिणामस्वरूप एक नवजात की जान चली गई।
सिराथू तहसील क्षेत्र के मधवामई की मायादेवी को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार शाम करीब चार बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। माया देवी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। दोनों का वजन बहुत कम था। इनमें एक 12 सौ ग्राम जबकि दूसरा 13 सौ ग्राम का था। हालत गंभीर होने के कारण दोनों को सिक न्यू केयर यूनिट (एसएनसीयू) वार्ड में भर्ती किया गया था। रात करीब 11 बजे अचानक बिजली कट गई। इससे इमरजेंसी सेवा प्रभावित हो गई। इसी दौरान उन दोनों नवजातों में से एक की मौत हो गई। इसकी जानकारी होते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। प्रभारी सीएमएस डॉ. अरविंद कनौजिया आनन-फानन अस्पताल पहुंचे और पूछताछ के बाद दूसरे बच्चे का चेकअप कराया। उसकी भी हालत गंभीर पाई गई। इस पर रात करीब दो बजे उसको इलाहाबाद के चिल्ड्रेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। मगर अगले दिन यानी शनिवार देर रात उसकी भी मौत हो गई। जानकारी होने पर डीएम मनीषकुमार वर्मा ने रात में ही अस्पताल का निरीक्षण किया और डॉक्टरों से पूछताछ की। इसके बाद पूरे मामले की जांच उन्होंने एसडीएम सदर विवेक चतुर्वेदी को सौंप दी।