14 defeated corona, six new people tested positive including health employee
- फोटो : KAUSHAMBI
मंझनपुर। कोविड के लिहाज से सोमवार का दिन काफी अच्छा रहा। इस दिन 14 मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब हो गए। वहीं एक स्वास्थ्य कर्मी समेत छह नए लोग संक्रमित निकले। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी के इलाज की व्यवस्था कराने के साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने में जुट गई हैं।
संक्रमण की रोकथाम के लिए रोजाना की तरह सोमवार को भी जिले के सभी सीएचसी एवं पीएचसी में शिविर लगाकर 1614 संदिग्धों की कोविड जांच कराई गई। इनमें से 1111 का एंटीजेन टेस्ट हुआ। जबकि 503 संदिग्धों का स्वॉब सैंपल लेकर आरटीपीसी जांच के लिए प्रयागराज स्थित लैब भेज दिया गया। सर्विलां अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि विभिन्न माध्यमों से आई जांच रिपोर्ट में पहले से संक्रमित 14 मरीज ठीक हो गए। जबकि छह और नए लोग पॉजिटिव निकले हैं। संक्रमितों में एक स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी भी शामिल है। अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक मिले 1767 संक्रमितों में 1628 मरीज ठीक हो चुके हैं। फिलहाल केवल 116 मरीजों का इलाज चल रहा है।