40 गोशालाओं का होगा निर्माण, नहीं भटकेंगे मवेशी
- सांसद ने हर ब्लाक में पांच गोशाला बनाने का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। जिले में आवारा गोवंश अब सड़क या खेतों में भटकते नहीं नजर आएंगे। जिले के हर ब्लाक में पांच-पांच गोशाला का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए भूमि अधिग्रहण का काम शुरू हो गया है।
सांसद विनोद सोनकर ने बताया कि जिले के किसानों की शिकायत रहती है कि आवारा मवेशी उनकी फसलों को नष्ट कर रहे हैं। इसके अलावा पशु तस्करों की भी लगातार धर पकड़ की जा रही है। इन मवेशियों को संरक्षण सरकार देगी। इसके लिए बड़े पैमाने पर कार्ययोजना तैयार की गई है। जिले के आठ विकास खंड में 40 गोशालाओं का निर्माण कराया जाएगा। सांसद ने बताया कि उसके लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से कहा गया कि वह गोशालाओं के लिए जमीन का अधिग्रहण करें। गोशाला का निर्माण कार्य जल्द कराया जाएगा। जिन ब्लाक या नगरीय इलाके में जमीन चिह्नित कर ली गई है, वहां पर निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू करा दिया जाएगा।
-------
छह को आएंगे भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष
मंझनपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ओम नरायण शुक्ल ने गुरुवार को संगठन के लोगों के साथ बैठक की। बताया कि छह जनवरी को क्षेत्रीय अध्यक्ष (काशी प्रांत) उदय प्रताप सिंह का कौशाम्बी में प्रथम आगमन होने जा रहा है। वह यहां संगठन के कार्यों की समीक्षा करेंगे। इस मौके पर अशोक गोस्वामी, अखिलेश कुमार मिश्रा, अरविंद शर्मा, अंगद कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
------
भूतपूर्व सैनिकों की बैठक कल
मंझनपुर। जिले के भूतपूर्व सैनिक, सेवारत सैनिक और सैनिकों की विधवाओं की समस्याएं सुनने के लिए पांच जनवरी को कलक्ट्रेट के उदयन सभागार में बैठक बुलाई गई है। यह जानकारी सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने दी।
---