चिह्नित किए गए भू-माफिया
प्रशासन की सूची में कई स्कूल प्रबंधक और जनप्रतिनिधि भी शामिल
कई के कब्जे से खाली कराई गई भूमि तो कुछ के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
जिले की तीनों तहसीलों में स्थानीय प्रशासन ने 31 भू-माफियाओं को चिह्नित कर लिया है। सूची में स्कूल प्रबंधक के साथ जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं। कई माफिया के कब्जे से प्रशासन ने भूमि को खाली करा लिया है तो कुछ के खिलाफ वाद दाखिल कर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। प्रशासन की सख्ती के चलते सूची में शामिल माफिया बौखलाए हैं।
शासन के फरमान के बाद एडीएम के नेतृत्व में गठित एंटी भू-माफिया टीम सक्रिय हो चुकी है। टीम ने तीनों तहसीलों के 31 भू-माफियाओं को चिह्नित किया है। इन भू-माफियाओं ने 57.084 हेक्टेयर राजकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। इसमें स्कूलों के प्रबंधक, ब्लॉक प्रमुख सहित कई असरदार लोग शामिल हैं। चिन्हीकरण के बाद तहसील प्रशासन द्वारा सात भू-माफियाओं के कब्जे से अब तक 28.679 हेक्टेयर भूमि से कब्जा भी हटवाया जा चुका है। बाकी के 24 भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी संबंधित तहसील प्रशासन द्वारा की जा रही है। एंटी-भू-माफिया टीम की सक्रियता से आरोपियों के होश उड़ गए हैं। कब्जे की भूमि को बचाने के लिए वह सत्तासीन नेताओं की शरण में पहुंच रहे हैं पर कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। उधर भू-माफियाओं के चिह्नीकरण की कार्रवाई लगातार तीनों तहसीलों में जारी है।
इनसेट
सात भू-माफियाओं के खिलाफ दर्ज हैं आपराधिक मामले
जिले की तीनों तहसीलों में चिन्हित भू-माफियाओं के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामले दर्ज हैं। इनमें सदर तहसील के नगरेहा खुर्द निवासी विनोद कुमार पुत्र रम्पत, सिराथू तहसील के बड़नपुर कादीपुर निवासी अनिरुद्ध कुमार पुत्र केदारनाथ शामिल हैं। चायल तहसील के गनेशी पुत्र बिन्देश्वरी चरवा, महंगू लाल पुत्र दौलत मलाक मोहिद्दीनपुर, बच्चू लाल पुत्र भोला बथुई आदि शामिल हैं।
तीन के खिलाफ न्यायालय में विचाराधीन हैं वाद
तीनों तहसीलों में चिन्हित 31 भू-माफियाओं में तीन का मामला विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन है। इसमें सदर तहसील के दमद का डेरा मजरा पूरब शरीरा निवासी सीताराम पुत्र जग्गू दास का प्रकरण उच्च न्यायालय में चल रहा है। सदर ब्लाक प्रमुख हरीमोहन यादव पुत्र रामलखन निवासी किंग नगर करारी का प्रकरण एसडीएम न्यायालय मंझनपुर में विचाराधीन है। कृष्ण कुमार पुत्र नंद किशोर निवासी टेंवा का मामला उच्च न्यायालय में लंबित है। तीनों का मामला न्यायालय में लंबित होने के चलते एंटी भू-माफिया टीम भूमि खाली कराने की कार्रवाई नहीं कर रही है।
नहीं हुई गुंडा एक्ट और गैंगेस्टर की कार्रवाई
एंटी भू-माफिया टीम द्वारा सूचीबद्ध किए गए भू-माफिया के खिलाफ गुंडा एक्ट व गैंगेस्टर की कार्रवाई नहीं हुई है। राजकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने के आरोपियों पर यह कार्रवाई न होना इलाकाई पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है। बहरहाल इसकी तहसील प्रशासन गहराई से छानबीन करा रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
शासन के निर्देश के बाद अब तक तीनों तहसीलों में 31 भू-माफियाओं को चिह्नित किया जा चुका है। 28.679 हेक्टेयर भूमि उनके कब्जे से रिक्त कराई जा चुकी है। बाकी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की तैयारी चल रही है। जल्द ही बची हुई भूमि भी खाली करा ली जाएगी।
राकेश कुमार श्रीवास्तव, एडीएम