मूरतगंज पीएचसी में महिला मरीज की जांच करते सीएमओ डॉ. संजय कुमार। स्रोत: विभाग
- फोटो : doda news
जिले के 36 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में कुल 1221 मरीज उपचार कराने पहुंचे। इनमें सबसे अधिक 217 मरीज त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मिले, जबकि 114 मरीज बुखार से ग्रसित थे। चिकित्सकों ने जांच के बाद मरीजों को दवाएं देकर परामर्श दिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मेले में मधुमेह के 85 और उच्च रक्तचाप के 20 मरीज मिले। वहीं, 40 लोगों की आंखों की जांच की गई। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान 39 लोगों को निशुल्क परामर्श दिया गया। गंभीर स्थिति वाले चार मरीजों को मेडिकल कॉलेज और जिला संयुक्त चिकित्सालय मंझनपुर रेफर किया गया।
-इनसेट-
36 केंद्रों पर हुई जांच और उपचार
जिले के 33 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और तीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में 57 चिकित्साधिकारियों और 146 पैरामेडिकल कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने मूरतगंज, भरवारी, मंझनपुर और सईगंज के स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। मेले में 15 आभा आईडी और 77 आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य लोगों को उनके नजदीकी केंद्रों पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।