तार, खंभा लगाए बगैर ही दे दिया बिजली कनेक्शन
-छह माह से विद्युतीकरण का इंतजार कर रहे उपभोक्ता
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पश्चिमशरीरा उपकेंद्र के छोटेलाल यादव का डेरा व गौतम का डेरा में उपभोक्ताओं को छह माह पहले बिजली कनेक्शन दे दिया गया। उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने के बाद भी तार-खंभा नहीं लगवाया गया। मामले की शिकायत उपभोक्ताओं ने मंगलवार को एसडीएम से किया है।
गौतम का डेरा मजरा पूरब शरीरा निवासी छोटेलाल पुत्र धरमपाल ने एसडीएम मंझनपुर को बताया कि छह माह पहले उसे सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन दिया गया है। घर के पास तार-खंभा नहीं होने के कारण उसे सिर्फ कनेक्शन की सामग्री मुहैया कराई गई। बिजली पहुंचाने के लिए उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र के जेई से कई बार शिकायत किया पर सुनवाई नहीं हो रही है। एसडीएम सतीश चंद्र ने मामले में एक्सईएन विद्युत को निर्देशित किया कि तत्काल उपभोक्ताओं के घरों तक बिजली पहुंचाएं। शिकायत करने वालों में छोटेलाल के अलावा चंद्रभान सिंह यादव, राधा देवी, गुड़िया देवी आदि मौजूद रहीं।
-------
वीडीओ को सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश
मंझनपुर (ब्यूरो)। कौशाम्बी ब्लॉक के गोपाल मिश्र का पूरा निवासी विनय कुमार पांडेय पुत्र त्रिभुवन ने गांव में कराए गए विकास कार्यों की जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत रिपोर्ट मांगी थी। इसके लिए सीडीओ ने 30 नवंबर तिथि निर्धारित की थी। निर्धारित तिथि पर ग्राम विकास अधिकारी सीडीओ कार्यालय नहीं पहुंचे। इससे मामला लंबित है। मामले का गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने ग्राम विकास अधिकारी को निर्देशित किया है कि 21 दिसंबर को उनके कार्यालय में उपस्थित होकर सूचना उपलब्ध कराएं।
-----------
नारी सशक्तिकरण में महिला समाख्या का योगदान सराहनीय
विकास भवन के सरस हाल में साथी मंच मेला का हुआ समापन
फोटो नं-
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित महिला समाख्या एवं यूनीसेफ के सहयोग से पांच ब्लॉकों की 40 ग्राम सभाओं में नारी सशक्तीकरण का कार्यक्रम चलाया गया। इसका समापन मंगलवार को विकास भवन के सरस हाल में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम मंझनपुर सतीश चंद्र रहे।
समापन के मौके पर एसडीएम मंझनपुर ने कहा कि संगठन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, बाल विवाह, बाल मजदूरी समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर जागरूक किया जा रहा है। महिलाओं को सशक्त बनाने में संगठन का सराहनीय योगदान है। कार्यक्रम दौरान महिला समाख्या संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मऊ की बालिकाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। इस मौके पर संगठन की मीना, मिथलेश, ऊषा, प्रेमलता, प्रतिभा, सुमन, पुष्पा, मनोरमा देवी, बबली, सुनीता, सोनम, मंजुला, सुशीला आदि मौजूद रहीं।