बिजली विभाग की लापरवाही से चरवा के 40 गांवों में अंधेरा
माह भर पहले काजू फीडर से जोड़ी गई थी लाइट, ओवर लोड में वह भी फुंका
चरवा। बिजली विभाग की लापरवाही से चरवा के 40 गांवों में पिछले 36 घंटे से अंधेरा है। नवरात्र को लेकर गांव-गांव सजे पूजा पंडालों में अब जनरेटर या गैस जलाकर पूजा-आरती की जा रही है। इसे लेकर लोगों में रोष है।
चरवा पावर हाउस में चार फीडर से बिजली की सप्लाई दी जाती है। आलमचंद, काजू, टाटा और चरवा फीडर हैं। महीने पहले चरवा फीडर फुंक गया था। बिजली विभाग ने इसे ठीक नहीं कराया बल्कि इलाके के गांवों की आपूर्ति काजू फीडर से जोड़ दी। मंगलवार की रात दस बजे के करीब काजू फीडर भी फुंक गया। इससे दोनों फीडरों से जुड़े करीब 40 गांवों में अंधेरा छा गया।
इलाके के लोगों ने पावर हाउस में जाकर शिकायत की तो जिम्मेदारों ने आपूर्ति देने में हाथ खड़ा कर दिया। मामले की शिकायत जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और चायल विधायक संजय गुप्ता से की गई है।