मंझनपुर (ब्यूरो)। सैनी कोतवाली क्षेत्र के भैरावां ग्राम प्रधान को शुक्रवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते दबंग युवकों ने भरी सभा में पीटा। पीड़ित प्रधान की तहरीर लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भैरावां ग्राम प्रधान शारदा प्रसाद ने बताया कि गांव के ही एक दबंग से उसकी पुरानी रंजिश है। इसी के चलते आए दिन वह अपशब्द कहता है। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाता है। पीड़ित के मुताबिक शुक्रवार सुबह एक धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन को लेकर ग्रामीणों की बैठक बुलाई गई थी। इस बीच दबंग अपने साथी के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर डंडे से पिटाई शुरू कर दी। मौके पर रहे गांव वालों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद प्रधान ने पुलिस को तहरीर दिया। मामले में सैनी इंस्पेक्टर राकेश तिवारी का कहना है कि आरोपों की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।