मंझनपुर। सिराथू कस्बे में ब्याही एक महिला को मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने घर से निकला दिया। इससे पहले उसकी पिटाई भी की गई। पीड़िता ने शनिवार को एसपी को घटना की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की।
फतेहपुर शहर निवासी ताज मोहम्मद ने बताया कि उसने अपनी बेटी रुख्सार खान का विवाह 17 मई 2017 को सिराथू में जान मोहम्मद से किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में बाइक और दो लाख रुपये की मांग को लेकर ससुरालियों ने विवाहिता को परेशान करना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। ससुराल वालों को समझाया, लेकिन बात नहीं बनीं। पीड़िता ने बताया कि दो दिन पहले पति, सास, ससुर व ननद आदि ने उसकी पिटाई की। इसके बाद घर से निकाल दिया। कहा कि मांग पूरी होने पर ही घर में घुसने की इजाजत दी जाएगी। इससे परेशान पीड़ित महिला ने शनिवार को आरोपियों के खिलाफ एसपी को तहरीर दे दी। एसपी प्रदीप गुप्ता ने सैनी कोतवाल को आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।