किसान के खाते से 12 लाख किए गायब
बैंक कर्मचारी बताकर पीड़ित से एटीएम कार्ड का पिन पूछकर की वारदात
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के खोंपा गांव का किसान हुआ शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के खोंपा गांव में रहने वाले एक किसान के खाते से साइबर बदमाशों ने एटीएम कार्ड का पिन नंबर पूछकर करीब 12 लाख रुपये उड़ा दिए। बैंक शाखा पहुंचने पर पीड़ित को इसकी जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने मंगलवार को एसपी से शिकायत की है।
खोंपा निवासी रामबदन प्रजापति खेती करके परिवार का खर्च चलाता है। उसने बताया कि करीब 15 दिन पहले उसके मोबाइल पर अंजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए एटीएम कार्ड का पिन पूछा। इसके बाद कई किस्तों में खाते से लगभग 12 लाख रुपये पार कर दिए। दो दिन पहले बीओबी की सरायअकिल शाखा पहुंचने पर पीड़ित को धन निकासी की जानकारी हुई तो वह सन्न रह गया। पीड़ित किसान का कहना है कि महीने भर पहले उसने अपना खेत बेचा था। इसी से मिली रकम बैंक में सुरक्षित कर दी थी। उधर बैंक कर्मचारियों ने बताया कि खाते से ऑनलाइन फ्रॉड किया गया है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।