जिले में भी लगी चौकीदार बनने की होड़
विपक्षी दल के नेता चौकीदार के जवाब में थानेदार बन कस रहे तंज
प्रधानमंत्री के ट्विटर अकॉउंट का नाम चौकीदार नरेंद्र मोदी होने के बाद जिले भर के भाजपाइयों ने शुरू किया अभियान
अनूप मिश्रा
चायल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्विटर पर नाम बदलकर चौकीदार नरेंद्र मोदी करने के बाद जिले के भाजपाईयों में भी चौकीदार बनने की होड़ लग गई है। जिले के भाजपा नेताओं, समर्थकों के सोशल मीडिया में चौकीदार नाम काफी तेजी से चल रहा है। लोकसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए तमाम दलों के नेताओं ने सोशल मीडिया पर भी आगे बढ़ने की जंग शुरू कर दी है।
रविवार सुबह मोदी के नाम बदलने के बाद सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत तमाम भाजपा नेताओं ने ट्विटर अकाउंट में अपने नाम के आगे चौकीदार लगा लिया। देखते ही देखते चौकीदार नाम का ये ट्रेंड जिले के युवा नेताओं ने भी फटाफट शेयर करना शुरू कर दिया। शुरुआत भारतीय जनता पार्टी नमामि गंगे प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बबलू गर्ग ने की। बबलू गर्ग ने रविवार शाम को अपने ट्विटर हैंडल का नाम बदलकर चौकीदार बबलू गर्ग कर ट्वीट किया (कहो दिल से चौकीदार फिर से)। इसके बाद भाजपा आईटी विभाग के संयोजक कृष्ण कुमार, भाजपा युवा मोर्चा के प्रवक्ता राहुलमणि, आरएसएस कार्यकर्ता व कौशाम्बी लोकसभा क्षेत्र प्रभारी प्रशांत केशरी, भाजपा पिछड़ा वर्ग के जिला सदस्य पवन सिंह पटेल, युवा भाजपा नेता सत्यम केशरवानी आदि ने अपने नाम के आगे चौकीदार लिखना शुरू कर दिया। युवा नेताओं को देख भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश पासी ने भी अपने फेसबुक पर (मैं भी चौकीदार) का पोस्टर डाल दिया। प्रधानमंत्री के समर्थन में लोग तेजी से फेसबुक व ट्विटर में इसे शेयर कर रहे हैं।
इंसेट
विपक्षी दल के नेताओं ने भी किया जवाबी हमला
चायल। दो दिनों में सोशल मीडिया पर जिले के भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री के (मैं भी चौकीदार) ट्वीट को खूब शेयर किया। इसके जवाब में जिले के विपक्षी दलों के युवा नेताओं ने भी कमान संभाली। सपा व कांग्रेस के युवा नेताओं ने चौकीदार के जवाब में खुद को थानेदार लिखना शुरू कर दिया। सपा अल्पसंख्यक सभा के चायल विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद मसरूर शाहरुख ने ट्विटर पर अपने नाम के साथ थानेदार लिख ट्वीट किया (थानेदार आ गया है, सब चौकीदार किधर हैं) कांग्रेस सेवा दल के जिला सोशल मीडिया प्रभारी नुरुत जमा ने ट्वीट किया (प्रधानमंत्री चौकीदार बन गए, अब चाय कौन बेचेगा)। इसी तरह यूथ कांग्रेस के चायल विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष यूसुफ जमाल ने भी फेसबुक पर अपने नाम के साथ थानेदार लगा लिया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तलत अजीम ने रविवार को चौकीदार ट्रेंड पर तंज कसते हुए अपने फेसबुक पेज पर लिखा (इतने सारे चौकीदार हो गए हैं तो ये मत सोचना की चलो अब चैन से कुंभकरण की नींद सोते हैं। क्योंकि चौकीदार ही चोर है)।