चार जोन,16 सेक्टर में बंटा जिला, धारा 144 लागू
नकलविहीन यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए प्रशासन ने कसी कमर
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियों को जिला प्रशासन अंतिम रूप देने में जुटा है। नकलविहीन बोर्ड परीक्षा के लिए डीएम ने जिले को चार जोन और 16 सेक्टरों में बाटकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। इसी के साथ ही परीक्षा अवधि तक धारा 144 लागू कर दी गई है। डीएम ने चेताया है कि नकल कराने वाले केंद्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही रासुका की कार्रवाई की जाएगी।
सात फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ होंगी। परीक्षा के लिए हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के करीब 45,396 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए 78 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। बुधवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में परीक्षा से जुडे अफसरों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं प्रधानाचार्यों संग बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने जिले को चार जोन और 16 सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। एसडीएम और सीओ को जोनल प्रभारी बनाया गया है। जबकि विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट का दर्जा दिया गया है। परीक्षा के दौरान सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा पर निगाह रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को केंद्र के दो सौ मीटर की परिधि में नहीं फटकने का निर्देश दिया है। चेताया कि किसी भी केंद्र में नकल होने पर कक्ष निरीक्षक, केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही स्टेटिक मजिस्ट्रेट को भी जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई की जाएगी। नकल कराने वाले केंद्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही रासुका की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता, सीडीओ इंद्रसेन सिंह, एडीएम राकेश श्रीवास्तव, डीआईओएस एसके सिंह, सभी एसडीएम, सीओ, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ ही केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद रह्रे।
--------
डीआईओएस दफ्तर में बना कंट्रोल रूम
बोर्ड परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या के समाधान के लिए डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसका मोबाइल नंबर 9170906465 है। लोग इस नंबर पर फोन कर शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
---------
25 फीसदी केंद्रों पर गड़बड़ी की आशंका
मंझनपुर। बोर्ड परीक्षा के दौरान जिले के करीब 25 फीसदी केंद्रों पर गड़बड़ी हो सकती है। प्रशासन ने नकल पर नकेल कसने के लिए तकरीबन 19 केंद्रों को चिंहित कर लिया है। इनमें 13 को अति संवेदनशील तथा छह को संवेदनशील घोषित किया गया है। डीएम ने इन केंद्रों पर नकल की संभावना को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
---------
अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र-
0 शिवाजी इंटर कॉलेज नेवादा
0 देशबंधु इंटर कॉलेज वैशकांटी
0 संत नागा निरंकारी पथिक इंका हिसामपुर माढ़ो
0 गया प्रसाद इंटर कॉलेज शेरगढ़
0 मां भगवती बालिका इंका म्योहर
0 गंगा प्रसाद साहू इंटर कॉलेज देवीगंज
0 शिवकुमारी देवी उमावि शाखा
0 दिरगज सिंह उमावि देवनगर, अलीपुरजीता
0 जगत नारायण विद्या निकेतन, रमदयालपुर, काजू
0 गयादीन साहू इंका बारातफारीक
0 राधेश्याम इंटर कॉलेज कनैली
0 सत्यनारायण कामता प्रसाद शिक्षा निकेतन मगरोहनी
0 राजसिंह उमावि मकदूमपुर-नेवादा
--------
संवेदनशील परीक्षा केंद्र-
0 महगांव इंटर कॉलेज महगांव
0 बनवारी लाल गौतम बालिका इंका. सरायअकिल
0 एसएन इंटर कॉलेज सिराथू-कौशाम्बी
0 सर्वजीत सिंह इंटर कॉलेज नोहरी का पूरा
0 धनपत्ति देवी श्यामनारायण उमावि थुलगुला
0 जनता इंटर कॉलेज फरीदपुर औधन
--------