अतिक्रमण हटाने को तोड़े गए मकान का बारजा ढहा, महिला की मौत
मूरतगंज में फोरलेन बनाए जाने को लेकर तोड़ा गया था घर
हादसे के वक्त मां के साथ सो रहा मासूम बाल-बाल बचा
अमर उजाला ब्यूरो
मूरतगंज। नेशनल हाईवे चौड़ीकरण के लिए तोड़े गए मकान का बारजा ढहने से एक महिला की मौत हो गई जबकि उसके साथ रहा मासूम बाल-बाल बचा। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से मलबा हटवाकर लाश बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूरतगंज बाजार का शाहिद अली प्राइवेट वाहन चलाता है। शाहिद का घर मूरतगंज बाजार में जीटी रोड के किनारे है। पिछले दिनों एसडीएम चायल और पीडब्लूडी के अधिशाषी अभियंता ने हाईवे को फोरलेन किए जाने की बात कहते हुए सड़क से सात मीटर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। कहा गया कि अगर प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाया तो सारा खर्च भवन स्वामी को देना होगा। इसी नोटिस के बाद शाहिद ने भी अपना घर तोड़वाया। सात मीटर घर तोड़ दिया गया लेकिन बाहर की तरफ दो फिट का बारजा नहीं तोड़ा गया था। रहने के लिए परिवार के पास मात्र आठ मीटर का घर बचा है। बुधवार की रात शाहिद की पत्नी बकरीदुन निशा (45) अपने मासूम बच्चे के साथ बरामदे में सो रही था। रात को हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की धमक लगने से बारजा ढह गया। मलबे में बकरीदुन निशा दब गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस आ गई। देर रात एएसपी अशोक कुमार, इंस्पेक्टर उदयवीर के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेसीबी बुलाकर मलबा हटवाया। बकरीदुन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है।
मासूम को नहीं आई खरोच
मूरतगंज। बकरीदुन निशा के पास ही दूसरी चारपाई पर उसका आठ माह का मासूम बेटा सोनू भी सोया था। हादसे में उसे खरोंच तक नहीं आई थी।
राजस्व कर्मियों ने लिया नुकसान का जायजा
मूरतगंज। मकान गिरने से मौत का शिकार हुई बकरीदुन की खबर मिलते ही चायल तहसील के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। राजस्व कर्मियों की टीम ने नुकसान का आकलन पर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
-----------